पश्चिम बंगाल का सबसे खूबसूरत हिल स्टेशन दार्जिलिंग को ‘क्वीन ऑफ द हिल्स’ कहा जाता है। यह अपनी हरी-भरी चाय के बागानों, ठंडे मौसम, बादलों से ढकी पहाड़ियों और हिमालय के शानदार नजारों के लिए प्रसिद्ध है। वैसे तो दार्जिलिंग की वादियां हर मौसम मनमोहक लगती हैं, लेकिन मानसून में यहां का नजारा और भी खूबसूरत हो जाता है।
मानसून के दौरान दार्जिलिंग की पहाड़ियां बादलों और हरियाली से ढकर जाती हैं। इस मौसम में चाय के बागान, झरने और घाटियों का नजारा काफी आकर्षक होता है। अगर आप भी मानसून में दार्जिलिंग घूमने जा रहे हैं, तो आइए जानते हैं वहां की उन खूबसूरत जगहों के बारे में, जहां आप यादगार लम्हों को कैमरे में कैद कर सकते हैं।
1- टाइगर हिल
दार्जिलिंग की सबसे खूबसूरत जगहों में से एक टाइगर हिल है, जहां से आप बादलों के बीच हिमालय की चोटियों का शानदार नजारा देख सकते हैं। मानसून में यहां की वादियां धुंध से भर जाती हैं, जो काफी मनमोहक लगती हैं।
2- दार्जिलिंग टी गार्डन्स
दार्जिलिंग को दुनियाभर में चाय के लिए जाना जाता है और मानसून के दौरान चाय के बागान हरियाली से भर जाते हैं, जिनका नजारा काफी मनमोहक होता है। दूर-दूर फैली हरी-भरी ढलानें और चाय के बागान आपके यादगार लम्हों में कैद हो सकते हैं। इस दौरान आप चाय की पत्तियों की तुड़ाई की प्रक्रिया भी देख सकते हैं और ताजा दार्जिलिंग चाय का स्वाद भी ले सकते हैं।
3- दार्जिलिंग हिमालयन रेलवे
दार्जिलिंग हिमालयन रेवले को टॉय ट्रेन के नाम से जाना जाता है। इसे यूनेस्को विश्व धरोहर का दर्जा प्राप्त है। यह रेलवे लाइन पहाड़ों, सुरंगों और घुमावदार रास्तों से होकर गुजरती है। खिड़की से बाहर के नजारे को देखकर शायद ही आप कभी भूल पाएं। इस दौरान बादलों से घिरे पहाड़ों और हरे-भरे जंगल का दृश्य काफी सुनहरा होता है।
4- हैप्पी वैली टी एस्टेट
अगर आप दार्जिलिंग जाएं तो हैप्पी वैली टी एस्टेट घूमने जरूर जाएं। यह दार्जिलिंग के सबसे पुराने चाय बागानों में से एक है। यहां आप चाय उत्पादन की पूरी प्रक्रिया को बेहद करीब से देख सकते हैं। मानसून के मौसम में तो इस बागान को देखकर ऐसा लगता है जैसे हरे रंग की चादर ओढ़ रखी हो। आप यहां पर शांत वादियों, ठंडी हवाओं और खूबसूरत प्राकृतिक नजारों के बीच बैठकर कुछ देर सुकून के पल बिता सकते हैं।
5- जापानी पीस पैगोडा और बौद्ध मठ
जापानी पीस पैगोडा और बौद्ध मठ को विश्व शांति का प्रतीक माना जाता है। शांत वातावरण में स्थित इसकी सफेद रंग की आकर्षक संरचना पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करती है। मानसून में यहां बैठकर आप प्रकृति के बीच शांति और सुकून का अनुभव ले सकते हैं।
6- रॉक गार्डन
पहाड़ियों और प्राकृतिक झरनों के बीच स्थित रॉक गार्डन एक खूबसूरत पिकनिक स्पॉट है। यहां सीढ़ीनुमा बगीचे, रंग-बिरंगे फूल और बहते झरनों को देखकर शायद ही आपका वापस आने का मान करे। खासकर मानसून में तो यह जगह बेहद ही खूबसूरत हो जाती है।
7- बतासिया लूप
दार्जिलिंग का बतासिया लूप एक अनोखा रेलवे ट्रैक है, जहां टॉय ट्रेन गोलाकार रास्ते से गुजरती है। इसे पहाड़ी ढलानों पर ट्रेन की ऊंचाई को संतुलित करने के लिए बनाया गया था। मानसून में यहां भी चारों ओर हरियाली फैल जाती है और धुंध भरा नजारा होता है। मौसम जब साफ रहता है तो यहां से कंचनजंगा पर्वत श्रृंखला भी दिखाई देती है।
Also Read
बिना परमिट के नहीं घूम सकते लक्षद्वीप, जानें 6 खूबसूरत द्वीप और आवेदन का तरीका
