Dahi mirchi ki sabzi recipes: रोज-रोज वहीं एक जैसे स्वाद वाली दाल-रोटी और सब्जी खाते-खाते बोर हो गए हैं और कुछ नया ट्राई करना चाहते हैं, तो यहां बताई गईं रेसिपी आपके काम की हो सकती हैं। जब घर में कोई सब्जी न रखी हो लेकिन मन हो कुछ स्वादिष्ट खाने का तो आप दही और मिर्च से स्वादिष्ट सब्जी बना सकते हैं। यह न केवल जल्दी बन जाती है बल्कि इसे बनाने में बहुत कम सामान इस्तेमाल होता है। दही की हल्की खटास और हरी मिर्च का तीखापन मिलकर ऐसा स्वाद देते हैं, जो साधारण रोटी या पराठे को भी खास बना देता है। आइए जानते हैं दही मिर्ची की इस आसान और स्वादिष्ट सब्जी की 2 रेसिपी के बारे में।
मिर्ची और दही की सब्जी (राजस्थानी स्टाइल)
इन चीजों की पड़ेगी जरूरत
8-10 मोटी हरी मिर्च
1 कप दही (फेंटा हुआ)
1 बड़ा चम्मच बेसन
2 बड़े चम्मच तेल
1/2 छोटा चम्मच जीरा
1/4 छोटा चम्मच राई
चुटकीभर हींग
1/2 छोटा चम्मच हल्दी
1/2 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
नमक स्वादानुसार
1/2 छोटा चम्मच धनिया पाउडर
हरा धनिया सजाने के लिए
इस तरह करें तैयार
इसे बनाने के लिए सबसे पहले हरी मिर्च को धोकर बीच में हल्का चीरा लगा लें। अगर आपको सब्जी में ज्यादा तीखापन नहीं चाहिए तो बीज निकाल दें। फिर किसी बाउल में दही और बेसन मिलाकर अच्छी तरह फेंट लें। अब आपको इसमें हल्दी, धनिया पाउडर और थोड़ा नमक मिला देना है। फिर कड़ाही में तेल गर्म करें। इसमें जीरा, राई और हींग का तड़का लगाएं। अब हरी मिर्च डालकर 2-3 मिनट तक हल्का भून लें। जब उनका कच्चापन निकल जाए तो आंच धीमी कर दें।
अब आपको दही-बेसन का मिश्रण डाल देना है। फिर इसे लगातार चलाते रहें। ऐसा करने से दही नहीं फटता है। सब्जी को 5-7 मिनट तक पकाएं। इसे तब तक कुक करें जब तक ग्रेवी हल्की गाढ़ी न हो जाए। ऊपर से लाल मिर्च पाउडर और हरा धनिया डालकर गैस बंद कर दें। मिर्ची-दही की यह स्वादिष्ट सब्जी रोटी, पराठे, बाजरे की रोटी या साधारण दाल-चावल के साथ परोसी जा सकती है।
भरवां दही मिर्ची की सब्जी
यह दही मिर्ची की सब्जी का थोड़ा अलग और ज्यादा स्वादिष्ट तरीका है, जिसमें मिर्च के अंदर मसाला भरकर दही की ग्रेवी में पकाया जाता है।
बनाने के लिए इन चीजों की पड़ेगी जरूरत
8-10 मोटी हरी मिर्च
1 कप दही
2 बड़े चम्मच बेसन
1 बड़ा चम्मच सौंफ पाउडर
1 छोटा चम्मच धनिया पाउडर
1/2 छोटा चम्मच अमचूर पाउडर
1/4 छोटा चम्मच हल्दी
1/2 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
चुटकीभर हींग
1/2 छोटा चम्मच जीरा
2-3 बड़े चम्मच तेल
नमक स्वादानुसार
रेसिपी कर लें नोट
इसमें भी आपको सबसे पहले हरी मिर्चों को धोकर लंबाई में चीरा लगा लेना है। इस दौरान ध्यान रखें कि मिर्च पूरी तरह अलग न हो। एक बाउल में बेसन, सौंफ, धनिया पाउडर, अमचूर, नमक और थोड़ा तेल मिलाकर भरावन तैयार करें। फिर इस मिश्रण को मिर्चों में भर दें। कड़ाही में तेल गर्म करें और भरी हुई मिर्चों को हल्का सुनहरा होने तक सेक लें। अब इन्हें अलग निकाल दें। दही को अच्छी तरह फेंट लें।
इसमें थोड़ा बेसन मिलाएं ताकि दही फटे नहीं। उसी कड़ाही में जीरा और हींग का तड़का लगाएं। फिर दही का मिश्रण डालकर लगातार चलाते हुए पकाएं। जब ग्रेवी हल्की गाढ़ी हो जाए तो इसमें भुनी हुई मिर्च डाल दें। करीब 5 मिनट तक धीमी आंच पर पकाएं। गैस बंद करें और रोटी, पराठे या बाजरे की रोटी के साथ गर्मागर्म परोसें।
