अगर आप भी घर में एक ही तरह से बनने वाली भिंडी की सब्जी खाते-खाते बोर हो गए हैं तो इस बार कुछ नया ट्राई करें। दही के साथ कुछ मसालों से तैयार दही भिंडी का स्वाद आपको पसंद आ सकता है। दही का हल्का खट्टापन और मसालों का चटपटा स्वाद इसे आम सब्जियों से अलग बनाता है। पराठे, रोटी या पूरी के साथ इसका स्वाद लाजवाब लगता है।

बनाने के लिए जरूरी चीजें

भिंडी – 250 ग्राम
दही – आधा कप
बेसन – 1 बड़ा चम्मच
प्याज – 2 बारीक कटे हुए
टमाटर – 2 बारीक कटे हुए
अदरक-लहसुन का पेस्ट – 1 छोटा चम्मच
हरी मिर्च – 2
जीरा – आधा छोटा चम्मच
हल्दी – आधा छोटा चम्मच
धनिया पाउडर – 1 छोटा चम्मच
लाल मिर्च पाउडर – आधा छोटा चम्मच
गरम मसाला – आधा छोटा चम्मच
कसूरी मेथी – आधा छोटा चम्मच
तेल – जरूरत के अनुसार
नमक – स्वादानुसार
हरा धनिया – सजाने के लिए

अब जानें दही भिंडी की ग्रेवी वाली सब्जी बनाने का तरीका

सबसे पहले भिंडी तैयार करें

भिंडी को धोकर अच्छी तरह सुखा लें। अब इसके दोनों किनारे काटकर छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें। कड़ाही में थोड़ा तेल गर्म करें और भिंडी को 5-7 मिनट तक हल्का कुरकुरा होने तक भून लें। इसके बाद इसे निकालकर अलग रख दें।

तैयार करें मसालेदार मसाला

अब उसी कड़ाही में थोड़ा तेल डालें। इसमें जीरा डालकर चटकाएं। फिर प्याज डालकर सुनहरा होने तक भूनें। अदरक-लहसुन का पेस्ट और हरी मिर्च डालें। इसके बाद टमाटर, हल्दी, धनिया पाउडर, लाल मिर्च और नमक डालकर मसाले को अच्छी तरह पकाएं।

दही से तैयार करें ग्रेवी

एक कटोरी में दही और बेसन डालकर अच्छी तरह फेंट लें, ताकि गांठें न रहें। अब गैस धीमी कर दें और दही का मिश्रण मसाले में थोड़ा-थोड़ा डालते हुए लगातार चलाएं। इसे धीमी आंच पर पकाएं, ताकि दही फटे नहीं।

ग्रेवी में मिलाएं भिंडी

अब इसमें जरूरत के अनुसार आधा से एक कप पानी डालें। ग्रेवी में उबाल आने पर भुनी हुई भिंडी डाल दें। इसके बाद गरम मसाला और कसूरी मेथी मिलाएं। इसे 5-7 मिनट तक धीमी आंच पर पकने दें। आखिर में हरा धनिया डालकर गैस बंद कर दें।

दही भिंडी को आप पराठा, तवा रोटी, जीरा राइस, सादा चावल किसी के साथ भी सर्व कर सकते है। हालांकि इसका स्वाद परांठा के साथ ज्यादा अच्छा लगता है।