चेहरे की तरह ही हाथ-पैरों की त्वचा का भी खास ख्याल रखा जाता है। खासतौर पर बदलते मौसम में त्वचा की चमक और नमी को बनाए रखने के लिए हम मॉइश्चराइजर का इस्तेमाल करते हैं। हालांकि कई बार सिर्फ मॉइश्चराइजर का इस्तेमाल काफी नहीं होता है। सर्दियों की शुरुआत होने लगी है और ऐसे में त्वचा बार-बार रूखी और बेजान नजर आने लगती है। जब भी हम हाफ शर्ट, टी शर्ट या शॉर्ट ड्रेस पहनते हैं, तो हाथ पैरों की त्वचा रूखी-रूखी नजर आती है। अगर आप भी इस तरह की समस्या से परेशान हैं, तो दरी और ओट्स का घरेलू तरीका अपनाया जा सकता है।

हाथ पैरों की त्वचा बदलते समय में नमी खोने लगती है, जिसकी वजह से यह रूखी और बेजान नजर आने लगती है। मॉइश्चराइजर लगाने के कुछ देर बाद फिर से त्वचा ड्राई लगती है। सिर्फ मॉइश्चराइजर का इस्तेमाल त्वचा की नमी को लंबे समय तक बरकरार रखने में मदद नहीं कर सकता है। ऐसे में दही और ओट्स का घरेलू तरीका त्वचा की नमी को बनाए रखने और डेड स्किन को हटाने में मददगार साबित हो सकता है। अगर आपकी त्वचा काफी ज्यादा रूखी और कालापन नजर आ रहा है, तो यहां बताया गया तरीका अपना सकते हैं।

इन चीजों की होगी जरूरत

दही- 2 चम्मच
ओट्स- 1 चम्मच
शहद- 1 चम्मच
नारियल तेल – 1 चम्मच

दही त्वचा को चमकदार और मुलायम बनाने में मदद कर सकती है। वहीं ओट्स त्वचा को एक्सफोलिएट करने और डेड स्किन सेल्स को दूर करने में मददगार साबित हो सकते हैं। इस मास्क में शहद का इस्तेमाल त्वचा की नमी को बरकरार रखने में मदद कर सकता है। इसके अलावा नारियल तेल त्वचा का मॉइश्चर बनाए रखने में मदद कर सकता है।

इस्तेमाल करने का तरीका

दही, ओट्स, शहद और नारियल तेल को बाउल में डालें और अच्छी तरह मिक्स करके पेस्ट बना लें। अब पैरों और हाथों की त्वचा पर लगाने से पहले पैच टेस्ट करें। अगर आपको जलन या असहजता महसूस हो रही है, तो इसका इस्तेमाल न करें। त्वचा पर इस पेस्ट को अच्छी तरह लगाएं और लगभग 15 मिनट तक रहने दें। अब हल्के गुनगुने पानी से पैरों और हाथों को साफ कर लें। ध्यान रखें कि इस पैस से त्वचा को स्क्रब न करें। अब त्वचा को सुखा लें और फिर मॉइश्चराइजर लगाएं। इससे त्वचा की नमी लॉक करने में मदद मिल सकती है। इसका इस्तेमाल रात को सोने से पहले करना ज्यादा फायदेमंद हो सकता है। हफ्ते में एक या दो बार इसे लगाने से त्वचा का रूखापन और डेड स्किन को दूर करने में मदद मिल सकती है। इस मास्क को लगाने से त्वचा ग्लोइंग, मुलायम और साफ नजर आ सकती है।

सावधानियां

हर किसी की त्वचा का प्रकार अलग-अलग होता है। ऐसे में यह घरेलू तरीका त्वचा पर इस्तेमाल करने से पहले पैच टेस्ट जरूर करना चाहिए। अगर आपको एलर्जी या त्वचा संबंधी कोई समस्या है, तो इसका इस्तेमाल करने से पहले एक्सपर्ट की सलाह जरूर लें। त्वचा पर अगर कट है तो इसे लगाने से बचें।