फुटबॉल के मैदान पर अपने खेल से सुर्खियां बटोरने वाले क्रिस्टियानो रोनाल्डो अपनी लग्जरी लाइफस्टाइल के लिए भी चर्चा में रहते हैं। हाल ही में उनकी एक खास घड़ी की तस्वीरें सामने आईं, जिसे देखकर लोग इसकी कीमत और डिजाइन की चर्चा कर रहे हैं।

इस घड़ी की कीमत करीब 1.65 मिलियन डॉलर यानी लगभग 15.9 करोड़ रुपये बताई गई है। लेकिन इसकी सबसे खास बात सिर्फ इसकी कीमत नहीं है। इसके अंदर एक छोटा-सा इंजन भी है, जिसके 16 पिस्टन बटन दबाते ही चलने लगते हैं।

यह घड़ी लग्जरी वॉच बनाने वाली कंपनी Jacob & Co. की Bugatti Chiron Tourbillon है। इसे पूरी तरह नारंगी रंग के नीलम जैसे पारदर्शी क्रिस्टल (सैफायर क्रिस्टल) के एक ब्लॉक से तैयार किया गया है।

रोनाल्डो और कंपनी के संस्थापक जैकब अराबो के बीच लंबे समय से संबंध रहे हैं। दिलचस्प बात यह भी है कि रोनाल्डो के पास इसी तरह के नारंगी रंग की Bugatti कार भी है।

घड़ी की तस्वीरें सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने इसकी तारीफ की, तो कुछ यूजर्स ने मजाकिया कमेंट्स भी किए। एक यूजर ने उनकी महंगी घड़ी को देखकर लिखा कि उनकी कलाई पर तो पीढ़ियों की दौलत नजर आती है। वहीं, एक दूसरे यूजर ने रिटायरमेंट को लेकर तंज कसते हुए कहा कि उन्हें यह नहीं पता कि अब रिटायर होने का समय आ गया है।

घड़ी के अंदर है 16 पिस्टन वाला छोटा इंजन

इस घड़ी को बुगाटी शिरोन हाइपरकार के डिजाइन और इंजन से प्रेरित होकर बनाया गया है। इसके बीच में एक छोटा W16 इंजन ब्लॉक दिया गया है। इसमें 16 पिस्टन लगे हैं, जो घड़ी के बटन को दबाने पर करीब 15 सेकंड तक ऊपर-नीचे चलते हैं। यह पूरा मैकेनिज्म घड़ी के अंदर ही काम करता है और इसे देखने का अनुभव किसी छोटी मशीन को चलते हुए देखने जैसा है।

Jacob & Co. ने घड़ी में पुराने ऑटोमेटा (Automata) मैकेनिज्म की परंपरा को भी नए अंदाज में पेश किया है। इसमें पारदर्शी सैफायर ब्लॉक के अंदर इंजन का लेआउट तैयार किया गया है। बटन दबाते ही क्रैंकशाफ्ट के जरिये 16 पिस्टन अपने सिलेंडर में ऊपर-नीचे होने लगते हैं। करीब 15 सेकंड के इस एनिमेशन में घड़ी के अंदर बुगाटी इंजन की तरह हलचल दिखाई देती है।

578 पुर्जों से मिलकर बनी है घड़ी

इस घड़ी में 30 डिग्री के कोण पर झुका हुआ फ्लाइंग टूरबिलॉन भी दिया गया है। इसमें कंपनी का हाथ से चाबी भरने वाला JCAM37 मूवमेंट लगा है, जो कुल 578 पुर्जों से मिलकर बना है।

इसकी पावर रिजर्व क्षमता 60 घंटे की है। यानी पूरी तरह चाबी भरने के बाद घड़ी करीब 60 घंटे तक चल सकती है, बशर्ते इसे बीच में दोबारा वाइंड न किया जाए।

घड़ी में दिए गए हैं तीन अलग-अलग क्राउन

आमतौर पर घड़ियों में समय सेट करने और उन्हें वाइंड करने के लिए किनारे पर क्राउन दिया जाता है। लेकिन इस घड़ी में कंपनी ने अलग डिजाइन अपनाया है। इसमें केस के 6 बजे वाले हिस्से पर तीन अलग-अलग क्राउन दिए गए हैं।

इनमें एक क्राउन से घंटे और मिनट की सुइयों वाला समय सेट किया जाता है। बीच वाला क्राउन घड़ी के मैकेनिज्म को घड़ी की दिशा में घुमाकर वाइंड करता है। तीसरा क्राउन इंजन वाले ऑटोमेटा मैकेनिज्म को चालू करने और वाइंड करने के लिए है।

बुगाटी कार से प्रेरित है इसका डिजाइन

घड़ी का बाहरी डिजाइन बुगाटी शिरोन कार से इंस्पायर है। इसके केस में कार की पहचान माने जाने वाले हॉर्सशू आकार के फ्रंट ग्रिल, साइड विंडो, मजबूत बॉडी और हेडलाइट्स की झलक देखने को मिलती है।

घड़ी के अंदर लगे मैकेनिज्म को सात सैफायर पैनलों के जरिये देखा जा सकता है। पारदर्शी हिस्से और मेटल की बनावट इसे एक छोटी लग्जरी कार के मैकेनिकल मॉडल जैसा लुक देती है।

फ्यूल गेज जैसा है पावर रिजर्व इंडिकेटर

इस घड़ी में 60 घंटे की पावर रिजर्व क्षमता को दिखाने के लिए फ्यूल गेज जैसा इंडिकेटर दिया गया है। इसका डिजाइन भी बुगाटी कार से इंस्पायर है। घड़ी के अंदर टूरबिलॉन का ढांचा रेडिएटर जैसा दिखता है, जबकि इसके कुछ हिस्से एग्जॉस्ट पाइप की बनावट की याद दिलाते हैं।