बच्चों को अक्सर चटपटा खाना पसंद आता है, जिसके चलते वे लौकी, भिंडी, तोरई या अन्य हरी सब्जियों को खाने से कतराते हैं। हल्का स्वाद और साधारण तरीके से बनी ये सब्जियां उन्हें कम आकर्षित करती हैं, जिससे वे इन्हें देखकर मना कर देते हैं। ऐसे में जरूरी है कि इन सब्जियों को थोड़ा अलग और स्वादिष्ट तरीके से बनाया जाए, ताकि बच्चे भी इन्हें बिना नखरे के खुशी-खुशी खा सकें।

इन सब्जियों में से एक परवल भी है, जिसे खाने से बच्चे अक्सर नखरे दिखाते हैं। लेकिन एक विधि है जिसकी मदद से आप इस साधारण सी सब्जी को बेहद स्वादिष्ट और कुरकुरी बना सकते हैं, जो न सिर्फ बच्चों बल्कि बड़ों को भी काफी पसंद आएगी। मसालों का सही संतुलन और हल्की कुरकुराहट इस डिश को इतना टेस्टी बना देती है कि बच्चे भी इसे बिना मना किए खुशी-खुशी खा लेंगे।

सामग्री

250 ग्राम परवल (धोकर लंबाई में कटा हुआ)
2-3 बड़े चम्मच तेल
स्वादानुसार नमक
आधा चम्मच हल्दी पाउडर
1 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
1 छोटा चम्मच धनिया पाउडर
आधा छोटा चम्मच चाट मसाला
2 बड़े चम्मच बारीक कटा हरा धनिया
1 छोटा चम्मच अमचूर पाउडर (वैकल्पिक)
1 छोटा चम्मच कॉर्नफ्लोर या बेसन (वैकल्पिक)

परवल की कुरकुरी सब्जी बनाने की विधि

सबसे पहले परवल को अच्छी तरह धो लें और फिर कपड़े से पोंछकर पूरी तरह सूखा लें। इसके बाद परवल को लंबाई में पतले स्लाइस में काट लें, ताकि पकने पर यह अच्छी तरह कुरकुरी बन सके।

अब एक कड़ाही में मध्यम आंच पर तेल गर्म करें। जब तेल हल्का गर्म हो जाए, तब इसमें कटे हुए परवल डाल दें और इन्हें बिना ढके 5-7 मिनट तक मध्यम से तेज आंच पर पकने दें। बीच-बीच में हल्का चलाएं, लेकिन बार-बार न चलाएं, ताकि परवल अच्छे से फ्राई हो सके।

जब परवल हल्के सुनहरे और कुरकुरे होने लगें, तब इसमें नमक, हल्दी, लाल मिर्च पाउडर और धनिया पाउडर डालें। मसालों को अच्छे से मिलाएं और 2-3 मिनट तक और भूनें, ताकि मसाले अच्छी तरह कोट हो जाएं।

अंत में ऊपर से चाट मसाला डालकर गैस बंद कर दें। चाहें तो बारीक कटा हरा धनिया डालकर गार्निश करें। अब आपकी स्वादिष्ट और कुरकुरी परवल की सब्जी तैयार है, जिसे आप रोटी या पराठे के साथ गरमागरम सर्व कर सकते हैं।

Also Read
पीएम मोदी को पसंद आई बंगाल की झालमुरी, मिनटों में तैयार कर सकते हैं तीखी-चटपटी रेसिपी