नाश्ते, लंच और डिनर के लिए ढेरों विकल्प मौजूद हैं, लेकिन शाम के समय जब हल्की भूख लगती है, तो खाने में थोड़ा ध्यान रखने की जरूरत होती है। इस वक्त ऐसी चीजें खाना चाहिए जो हल्की हों, जिससे भूख भी शांत हो जाए और पेट भी भारी न लगे। आमतौर पर लोग शाम के स्नैक्स में बिस्कुट, नमकीन या फिर अन्य पैकेट वाली चीजें खाते हैं।
ऐसे में अगर आप कुछ अलग और टेस्टी ट्राई करना चाहते हैं, तो बचे हुए चावल से गरमा-गरम पकौड़े बना सकते हैं। ये पकौड़े बाहर से कुरकरे और अंदर से नरम होते हैं, जो शाम की हल्की भूख के लिए बिल्कुल परफेक्ट स्नैक हैं। खास बात यह है कि इन्हें बनाने में ज्यादा समय भी नहीं लगता और आसानी से घर पर तैयार कर सकते हैं। आइए जानते हैं बचे हुए चावल के पकौड़े बनाने की आसान रेसिपी।
सामग्री
- पके हुए चावल- 1 कप
- बाइंडिंग के लिए बेसन- 3-4 चम्मच
- मीडियम साइज का 1 बारीक कटा प्याज
- 2-3 बारीक कटी हरी मिर्च
- 2 बड़े चम्मच बारीक कटा हरा धनिया
- आधा छोटा चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट
- आधा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
- आधा चम्मच जीरा
- एक चौथाई छोटा चम्मच हल्दी
- चाट मसाला
- तलने के लिए तेल
पकौड़े बनाने की विधि
- एक बड़े बर्तन में पके चावल को हल्का सा मैश कर लें। एकदम पेस्ट नहीं बनाना है। हल्का दरदरा रखना है।
- इस चावल में बारीक कटा प्याज, हरी मिर्च, हरा धनिया और अदरक-लहसुन का पेस्ट डाल दें। इसके बाद नमक, लाल मिर्च, हल्दी और जीरा डालकर अच्छे से मिश्रण तैयार कर लें।
- अब इस मिश्रण में बेसन डाल दें। अगर मिश्रण सूखा लग रहा है तो 1-2 चम्मच पानी छिड़क सकते हैं। इससे पकौड़े बनाने में आसानी होगी।
- एक कड़ाही में पकौड़े तलने के लिए तेल डालकर मध्यम आंच पर गरम कर लें।
- तेल जब गरम हो जाए तो इसमें मिश्रण को गोल या टिक्की की तरह आकार देकर डाल दें और मध्यम आंच पर पकने दें।
- जब पकौड़े सुनहरे हो जाएं तो इन्हें टिश्यू पेपर पर निकाल दें। इससे अतिरिक्त तेल निकल जाता है।
- अब ऊपर से चाट मसाला छिड़क, धनिया, लहसुन और टमाटर की चटनी के साथ सर्व करें। या फिर इसे आप चाय के साथ भी खा सकते हैं।
Also Read
फ्राई से सूप तक, ब्रोकली की 6 टेस्टी और हेल्दी रेसिपी
