रोजमर्रा की जिंदगी में कई ऐसी चीजें हैं जिनका इस्तेमाल करने के बाद हम फेंक देते हैं। साबुन भी इनमें से एक है। दरअसल, इस्तेमाल करते-करते साबुन जब घिस जाता है तो इसका आकार काफी छोटा हो जाता है जिसे इस्तेमाल करना मुश्किल होता है। ऐसे में लोग इसे कूड़ा समझकर फेंक देते हैं। लेकिन इसका इस्तेमाल फिर से किया जा सकता है।
साबुन के ये छोटे-छोटे टुकड़े घर के कई कामों में इस्तेमाल आ सकते हैं। ये दरवाजे की आवाज को दूर करने से लेकर लिक्विड हैंडवॉश तक बनाने में काम आ सकते हैं।
1- दरवाजों की आवाज
दरवाजे के कब्जों पर जब जंग या फिर इनकी चिकनाई कम होती है तो इससे आवाज आने लगती है। ये आवाज कानों को चुभती है। साबुन के छोटे टुकड़ों को दरवाजे के कब्जों पर हल्का सा रगड़ देने से आवाज आनी बंद हो सकती है।
2- भीनी-भीनी खुशबू के लिए ऐसे करें इस्तेमाल
कई बार जूते की रैक, कपड़ों की आलमारी या फिर अन्य जगहों से बदबू आने लगती है। ऐसे जगहों पर ये साबुन के टुकड़े काम आ सकते हैं। इसके लिए साबुन के टुकड़ों को कपड़े में बांधकर रख देने से भीनी-भीनी खुशबू आती है, जिससे घर का माहौल खुशनुमा बना रहता है।
3- लिक्विड हैंडवॉश
साबुन के टुकड़ों को फेंकने के बजाय लिक्विड हैंडवॉश बना सकते हैं। इसके लिए इन टुकड़ों को कद्दूकस करके गुनगुने पानी में डालकर घोल बना लें। ठंडा होने के बाद बोतल में डालकर इसे लिक्विड हैंडवॉश के रूप में इस्तेमाल कर सकते हैं।
4- साबुन भी बना सकते हैं
साबुन के टुकड़ों को फेंकने के बजाए इनसे फिर से साबुन बना सकते हैं। साबुन बनाने के लिए टुकड़ों को इकट्ठा कर लें और एक कढ़ाई में डालकर धीमी आंच पर पिघला लें। जब ये पिघल जाएं तो किसी मोल्ड में डालकर ठंडा होने दें। अब इसका इस्तेमाल फिर से कर सकते हैं।
5- दूर करें टॉयलेट की बदबू
टॉयलेट की गंदी बदबू को दूर करने के लिए इन साबुन का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए साबुन के टुकड़ों को नायलॉन जाली में डालकर बाथरूम में टांग दें। इससे हर जगह भीनी-भीनी खुशबू फैल जाएगी।
डिस्क्लेमर: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए एक्सपर्ट से जरूर परामर्श करें।
Also Read
प्लास्टिक और मग पर जमे खारे पानी के सफेद दाग कैसे छुड़ाएं, अपनाएं ये आसान और सटीक उपाय
