बाजारों में दिवाली की रौनक देखी जा सकती है। हर तरफ दुकानों पर रंग-बिरंगे दीये, लाइटें, पारंपरिक कपड़े और सजावटी चीजों की भरमार है। ऐसे में हर कोई अपने घर को सजाने के लिए कुछ न कुछ आकर्षक और यूनिक चीजों को खरीदना पसंद करता है। कई लोग दीयों को सजाने के लिए दीया होल्डर खरीदते हैं, जो दिखने में आकर्षक लगता है। हालांकि बाजार से महंगे दीया होल्डर खरीदने की बजाय आप इसे खुद से भी बना सकते हैं। इसके लिए कार्डबोर्ड और पीवीसी पाइप के साथ कुछ चीजों की जरूरत होगी।

दिवाली 8 नवंबर, 2026 रविवार को मनाई जाएगी। हालांकि इसकी शुरुआत 6 नवंबर यानी धनतेरस से होगी। इससे पहले ही लोग अपने घरों को लाइटों और दीयों से सजाते हैं। यह त्योहार भाई दूज तक मनाया जाता है। इस खास मौके पर आप दीयों की सिंपल सजावट को छोड़कर कुछ अलग तरीके अपना सकते हैं। दीयों को रखने के लिए घर पर ही कुछ चीजों की मदद से होल्डर बनाया जा सकता है। आइए, जानते हैं इसे बनाने का तरीका क्या है।

जरूरी चीजें

पाइप (पीवीसी)
कार्डबोर्ड (मजबूत गत्ता)
ग्लू
जूट की रस्सी
डेकोरेटिव लेस या मोतियों की पट्टी
नकली फूल
रंग

दीया होल्डर बनाने का तरीका

दीयों को आकर्षक तरीके से रखने और घर को सजाने के लिए दीया होल्डर का इस्तेमाल किया जाता है। हालांकि बाजार में तरह-तरह के दीया होल्डर आसानी से मिल जाते हैं। लेकिन इसे आप खुद से बना सकते हैं और क्रिएटिव तरीके से दिवाली की सजावट कर सकते हैं। इसे बनाने के लिए सबसे पहले कार्डबोर्ड को आकार देना होगा। इसके लिए कार्डबोर्ड पर सबसे पहले कटोरी या किसी गोल चीज से निशान बनाएं। अब सावधानी से कार्डबोर्ड को गोल आकार में काट लें। यह काम सावधानी से और धीरे-धीरे करें। अगर आप कोई और आकार देना चाहते हैं, तो कोर्डबोर्ड को उस हिसाब से शेप दे सकते हैं। अब कार्डबोर्ड पर छोटा गोला बनाएं जिसे गिलास या बोतल के ढक्कन जितना रख सकते हैं। इसे भी सावधानी से काट लें। एक बड़ा गोला और तीन छोटे गोल कार्डबोर्ड से काट लें। इन कार्डबोर्ड को अच्छी तरह जूट की रस्सी से कवर कर दें और आखिर में सिरे को ग्लू से चिपका दें।

अब पतले पीवीसी पाइप को लें, जो घर बनाते समय या अन्य कामों में इस्तेमाल करने के बाद बच जाते हैं। इस पाइप को कटर की मदद से तीन हिस्सों में काटें। एक पाइप को छोटा रखें, दूसरे को उससे थोड़ा बड़ा और तीसरे को दोनों से बड़ा काटें। इस तरह आप तीन पाइप तैयार कर लें जिसके ऊपर दीयों को रखा जाएगा। अब बड़े वाले कार्डबोर्ड को लें, जिसे बेस के लिए काटा था। इसके ऊपर तीनों पाइप को गोल आकार में लगाकर अच्छी तरह ग्लू की मदद से चिपकाएं। इससे सीढ़ीनुमा आकार बन जाएगा। अब तीनों पाइप के ऊपर छोटे गोल कार्डबोर्ड को ग्लू की मदद से अच्छी तरह चिपका लें। ध्यान रखें कि ग्लू मजबूत होना चाहिए, जिससे दीया रखने पर उसके गिरने का खतरा न रहे।

इस तरह करें सजावट

पीवीसी पाइप को अपनी पसंद के अनुसार रंग सकते हैं। जिससे यह दिखने में आकर्षक लगेगा। अब मोतियों की पट्टी को नीचे वाली सतह पर गोल आकार में चिपका दें। इसी तरह ऊपर वाले छोटे-छोटे कार्डबोर्ड के किनारों को भी मोती की पट्टी से सजा दें। इसके अलावा आप सजावटी लेस का भी इस्तेमाल कर सकती हैं। अब नीचे और पाइप के ऊपर नकली फूलों को चिपकाएं। बीच-बीच में हरी पत्तियां भी लगा सकते हैं। ध्यान रखें कि सजावट छोटे कार्डबोर्ड के ऊपर न आए। इससे दीया रखने पर जलने का खतरा हो सकता है। आपका दीया होल्डर तैयार है। इसके ऊपर आप दीयों को जलाकर रख सकते हैं।

दीया होल्डर को आप डाइनिंग टेबल, लिविंग रूम, कॉफी टेबल, बेडरूम या मुख्य दरवाजे पर लगाकर सजावट कर सकते हैं। दिवाली के मौके पर इस तरह से आप घर के कोनों को खूबसूरत तरीके से सजा सकते हैं।