ओट्स का सेवन स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद माना जाता है। इसमें फाइबर, प्रोटीन और कई जरूरी विटामिन व मिनरल्स पाए जाते हैं, जो शरीर को कई तरह से लाभ पहुंचाते हैं। डायबिटीज के मरीजों से लेकर वजन कम करने की कोशिश कर रहे लोगों तक को ओट्स के सेवन की सलाह दी जाती है। लेकिन कई बार बच्चे सादे ओट्स को देखकर तरह-तरह का मुंह बनाते हैं। दरअसल, बच्चों को ज्यादातर क्रिस्पी और कुरकुरे व्यंजन पसंद आते हैं। ऐसे में आप ओट्स की मदद से तीन तरह की स्वादिष्ट और हेल्दी रेसिपी तैयार कर सकते हैं। आइए जानते हैं ओट्स की तीन कुरकुरी डिश को कम समय में कैसे बनाएं।
ओट्स टिक्की
लंच में बच्चों के टिफिन में पैक करने से लेकर शाम की हल्की भूख तक के लिए आप ओट्स की स्वादिष्ट और हेल्दी टिक्की बना सकते हैं। यह टिक्की बाहर से क्रिस्पी और अंदर से बेहद सॉफ्ट होती है।
ओट्स टिक्की सामग्री
1 कप ओट्स (हल्का भूनकर दरदरा पीसा हुआ)
2 उबले आलू
आधा कप उबले हरे मटर
1 बारीक कटा प्याज
1-2 बारीक कटी हरी मिर्च
1 छोटा चम्मच कद्दूकस किया हुआ अदरक
2 बड़े चम्मच हरा धनिया
आधा छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
1 छोटा चम्मच धनिया पाउडर
आधा छोटा चम्मच गरम मसाला
आधा छोटा चम्मच चाट मसाला
नमक स्वादानुसार
हल्का फ्राई करने के लिए 2-3 बड़े चम्मच तेल
ओट्स टिक्की बनाने की आसान विधि
एक बड़े बाउल में उबले आलू मैश करें और उसमें मटर को हल्का दबाकर मिला दें। अब इसमें प्याज, हरी मिर्च, अदरक, हरा धनिया और सभी मसाले डालें और अंत में भुना हुआ ओट्स डालकर अच्छी तरह मिला लें। मिश्रण ज्यादा नरम लगे तो थोड़ा और ओट्स मिला सकते हैं। मिश्रण से टिक्कियों का आकार बनाकर एक प्लेट में रख लें। अब एक नॉन-स्टिक तवे पर थोड़ा तेल डालकर दोनों तरफ से 3-4 मिनट तक सुनहरा और कुरकुरा होने तक टिक्कियों को सेंक लें। इसे आप हरी चटनी या दही के साथ गरमागरम परोस सकते हैं।
Also Read
खट्टा और चटपटा होता है करौंदा, देसी स्टाइल में इस तरह बनाएं अचार
ओट्स पकोड़े
शाम की हल्की भूख लगने पर जब कुछ कुरकुरा और क्रिस्पी खाने का मन कर तो इस दौरान आप ओट्स के टेस्टी पकोड़े बना सकते हैं। इसमें इस्तेमाल की गई सब्जियों और ओट्स की वजह से यह और भी ज्यादा हेल्दी हो जाता है।
ओट्स पकोड़ा सामग्री
1 कप ओट्स
आधा कप बेसन
2 बड़े चम्मच चावल का आटा
2 पतले कटे हुए प्याज
2 बारीक कटी हरी मिर्च
1 छोटा चम्मच कद्दूकस किया हुआ अदरक
आधा छोटा चम्मच अजवाइन
एक चुटकी हल्दी
आधा छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
1 छोटा चम्मच धनिया पाउडर
स्वादानुसार नमक
2 बड़े चम्मच हरा धनिया
तलने के लिए तेल
ओट्स पकोड़ा बनाने की सरल विधि
सबसे पहले ओट्स को मिक्सर में हल्का दरदरा पीस लें। अब एक बाउल में बेसन, ओट्स, चावल का आटा और सभी मसाले मिला लें। इसमें प्याज, हरी मिर्च, अदरक और हरा धनिया डाल दें। थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए गाढ़ा बैटर तैयार कर लें। ध्यान रहे बैटर ज्यादा पतला न हो। अब कड़ाई में तेल गर्म करें और हाथ या चम्मच की मदद से छोटे-छोटे पकोड़े तेल में डाल दें। इसे मध्यम आंच पर 4-5 मिनट तक सुनहरा और कुरकुरा होने तक तल लें। तैयार पकोड़ों को एक टिश्यू पेपर पर निकाल लें ताकि अतिरिक्त तेल निकल जाए। ब आप इसे अपनी मनपसंद चटनी के साथ परोस सकते हैं।
ओट्स वेज कबाब
जब कुछ स्वादिष्ट खाने का मन करता है तो अक्सर लोग स्ट्रीट फूड्स पर मिलने वाले तरह-तरह के फास्ट फूड्स का सेवन करते हैं। लेकिन आप थोड़ी सी मेहनत की मदद से घर पर ही बिल्कुल स्ट्रीट फूड्स स्टाइल में आसानी से ओट्स वेज कबाब बना सकते हैं।
ओट्स वेज कबाब सामग्री
1 कप भूनकर दरदरा पीसा हुआ ओट्स
2 उबले आलू
आधा कप उबली गाजर (कद्दूकस की हुई)
आधा कप उबले मटर
1/4 कप बारीक कटी शिमला मिर्च
1 छोटा बारीक कटा प्याज
1 छोटा चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट
1-2 हरी मिर्च
आधा छोटा चम्मच जीरा पाउडर
1 छोटा चम्मच धनिया पाउडर
आधा छोटा चम्मच गरम मसाला
1/4 छोटा चम्मच काली मिर्च पाउडर
नमक स्वादानुसार
2 बड़े चम्मच हरा धनिया
2-3 बड़े चम्मच तेल
ओट्स वेज कबाब बनाने की विधि
एक बड़े बर्तन में उबले आलू मैश कर लें। अब इसमें गाजर, मटर, शिमला मिर्च, प्याज, हरी मिर्च और अदरक-लहसुन का पेस्ट डालें। सभी मसाले और हरा धनिया डालकर अच्छे से मिश्रण तैयार कर लें। अब भुना हुआ ओट्स डालकर मिश्रण को अच्छी तरह गूंथ लें। अब आप इसे कबाब का आकार दे दें। तवे पर थोड़ा तेल डालकर दोनों तरफ से 3-4 मिनट तक सुनहरा होने तक सेंक लें। तैयार कबाब को चटनी या दही के साथ परोस सकते हैं।
Also Read
बदलते मौसम के लिए 3 तरह का सूप, इस तरह बनाएं स्वादिष्ट और हेल्दी
