आज के समय में मार्केट में मिलने वाली लगभग हर चीज में मिलावट की शिकायतें सामने आ रही हैं। खासकर खाने-पीने की चीजों में यह समस्या काफी आम हो गई है। ऐसा ही हाल बाजार में मिलने वाले मक्के के आटे का भी है। दरअसल, कई बार इसमें रंग मिलाया जाता है, जिससे इसके स्वाद और सेहत दोनों पर इसका असर पड़ता है।
ऐसे में अगर आप भी मार्केट से मक्के का आटा खरीदकर लाते हैं, तो सावधान रहने की जरूरत है। हालांकि, आप इसे घर पर भी आसानी से तैयार कर सकते हैं। घर पर बना मक्के का आटा स्वाद में तो भरपूर होता ही है, साथ ही इसमें किसी भी तरह की मिलावट नहीं होती है, जिससे यह पोषक तत्वों से भी भरपूर रहता है।
मक्के का करें चयन
घर पर मक्के का आटा बनाने के लिए सबसे पहले अच्छी क्वालिटी के सूखे मक्के का चयन करें। इस बात का ध्यान रखें कि दाने पूरी तरह साफ हों और उनमें नमी न हो। वहीं, मक्के के टूटे हुए और काले दानों को अलग कर दें, क्योंकि इससे मक्के के आटे का स्वाद और क्वालिटी दोनों खराब हो सकते हैं। अब मक्के को साफ पानी से धोकर अच्छी तरह सुखा लें।
मक्के को भूनें
जब मक्का पूरी तरह सूख जाए, तो इसे हल्का सा भून लें। धीमी आंच पर भूनने से दानों की कच्ची महक खत्म हो जाती है और आटे में अच्छा फ्लेवर आता है। हालांकि, मक्के को भूनते समय इस बात का खास ख्याल रखें कि दाने जलें नहीं।
मक्के से बनाएं आटा
मक्के को भूनने के बाद कुछ समय के लिए ठंडा कर लें। अब इसे मिक्सर ग्राइंडर में पीस लें। अगर आप आटे को और भी बारीक चाहते हैं, तो इसे मिक्सर में तीन से चार बार पीस सकते हैं। पीसने के बाद आटे को छलनी से छान लें। अब इसे एयरटाइट कंटेनर में डालकर स्टोर किया जा सकता है।
