सुबह की हवा में हल्की ठंड और शाम की धूप में एक सुकून का अहसास मिलना शुरू हो गया है। यह मौसम पौधों के लिए बहुत खास होता है। इस दौरान बगीचे में किए गए कुछ जरूरी काम पौधों को लंबे समय तक हरा-भरा रखने में मदद कर सकते हैं। अगर आप अपने बगीचे की देखभाल करना चाहते हैं, तो अक्टूबर खत्म होने से पहले कुछ जरूरी काम कर सकते हैं। इससे पौधे की ग्रोथ बेहतर तरीके से हो सकती है और साथ ही गार्डन भी सर्दियों में हरा-भरा नजर आ सकता है।

गुलदाउदी की पिंचिंग करना

सर्दी शुरू होने से पहले यानी अक्टूबर में आपको गुलदाउदी के पौधे की पिंचिंग करनी है। इसके लिए शाखा के ऊपर से आधा इंच छोड़कर नाखूनों से इस हिस्से को काट देना है। इससे पौधे में नई शाखाएं आ सकती हैं। अगर आपको फूलों की कलियां दिखाई दे रही हैं, तो पिंचिंग करने से बचें।

गुलाब की छंटाई (प्रूनिंग)

अक्टूबर को गुलाब का महीना भी कहा जाता है, क्योंकि इस महीने में गुलाब के पौधे से जुड़े कुछ जरूरी कामों को करने से अधिक फूल खिल सकते हैं। अक्टूबर के दूसरे या तीसरे हफ्ते में आपको गुलाब के पौधे की छंटाई करनी है। इससे लगभग 40 से 45 दिन में फूलों की अच्छी ग्रोथ हो सकती है। अगर आपने प्रूनिंग नवंबर में की तो इससे पौधे की ग्रोथ धीमी हो सकती है। अगर आपके गुलाब का पौधा नया और छोटा है, तो ज्यादा छंटाई न करें। अगर अभी-अभी गुलाब का पौधा लगाया है, तो इसकी प्रूनिंग करने से बचें।

प्रूनिंग करते समय रखें ध्यान

गार्डनिंग करते समय कुछ टूल्स (उपकरण) का काफी इस्तेमाल किया जाता है, जिनमें प्रूनर भी शामिल है। इसे पौधों की कटाई-छंटाई के लिए इस्तेमाल किया जाता है। पौधों की प्रूनिंग करने से पहले इसे अच्छी तरह सैनिटाइज करें। अक्सर गंदे प्रूनर का इस्तेमाल करने से डाइबैक (पौधे की शाखाओं का सूखना) हो सकता है। इसे साफ करने के लिए डेटॉल या अल्कोहल का उपयोग कर सकते हैं।

बगीचे में लगे पौधे के अंदर शाखाएं आ रही हैं, तो उसे छांट दें। इसके अलावा जो शाखाएं हवा के बहाव को रोक रही हैं, उन्हें भी छांट दें। ध्यान रखें कि शाखाओं को हमेशा 45 डिग्री के कोण पर काटें। जिससे पानी न रुके और फंगस न लगे। पौधों की छंटाई करते समय ध्यान रखें कि अंदर तक धूप और पानी पहुंच पा रहा है।

मिट्टी को तैयार करें

प्रूनिंग करने के बाद जड़ों के पास हल्की गुड़ाई कर दें। मिट्टी को करीब 24 घंटे तक ऐसे ही छोड़ दें ताकि हवा और धूप आसानी से अंदर तक पहुंच सके। इसके बाद वर्मी कम्पोस्ट और सरसों की खली को मिक्स करके अंदर डाल दें और मिट्टी से कवर कर दें।

गर्मी और मानसून के बाद मिट्टी बेजान हो जाती है। जिसकी वजह से इसमें अगर आप बीज या पौधे लगाएं, तो ग्रोथ प्रभावित हो सकती है। इसके लिए आप ग्रो बैग या गमले की मिट्टी को पूरी तरह निकाल दें और इसे करीब दो दिन तक धूप में रखें। अगर आपके पास कम पौधे हैं, तो यह तरीका काम आ सकता है। लेकिन बगीचे में ज्यादा पौधे हैं, तो एक उंगली तक गमले की मिट्टी को निकाल दें। इसे भी कुछ दिन धूप में सूखाकर वापस गमलों में डाल दें।

ड्रेनेज होल को चेक करें

बरसात के बाद अक्सर गमले के ड्रेनेज होल ब्लॉक हो जाते हैं। इसके लिए किसी लकड़ी की मदद से ड्रेनेज होल को साफ करें। अब इसमें मिट्टी, वर्मी कम्पोस्ट, रेत, नीम खली, सामान्य मिट्टी और राख को मिलाकर सभी पौधों में डाल दें। अक्टूबर का महीना मेथी, पालक, धनिया, मूली, लहसुन के बीजों को लगाने के लिए बेहतरीन समय माना जाता है। इसके अलावा फूलगोभी, पत्तागोभी, ब्रोकली और कुछ फूलों के पौधे भी लगाए जा सकते हैं।

पौधे को धूप वाली जगह पर रखें

सर्दियों के समय धूप की दिशा में बदलाव आ जाता है। जहां पहले धूप आती थी, वहां अब ज्यादा धूप नहीं आती। ऐसे में आप अपने पौधों को ऐसी जगह पर रखें जहां उन्हें अच्छी धूप मिल सके। अब गमलों या पौधे में दो बार पानी देने की आदत को बदलना होगा। सर्दियों में जब मिट्टी सूख जाए, तब ही पानी दें। इसके साथ ही नीम ऑयल को पानी में मिलाकर अच्छी तरह स्प्रे करें।