घर में रखे लकड़ी के फर्नीचर समय के साथ गंदे होने लगते हैं। धूल-मिट्टी हवा के साथ फर्नीचर की सतह पर जमती रहती है, जबकि रसोई से निकलने वाला तेल और धुआं लकड़ी पर चिपचिपी परत बना सकता है। इसके अलावा गीले हाथों से छूना, पानी या अन्य तरल पदार्थ गिरना और बच्चों के हाथों के निशान भी इन पर गंदगी बढ़ाने का काम करती है।

कई लोग लंबे समय तक फर्नीचर की सफाई नहीं करते या गलत क्लीनिंग उत्पादों का इस्तेमाल करते हैं, जिससे धूल और दाग लकड़ी की सतह पर गहराई तक जमने लगते हैं। यही वजह है कि नियमित देखभाल न होने के चलते लकड़ी का फर्नीचर अपनी प्राकृतिक चमक खोकर गंदा, बेजान और पुराना दिखाई देने लगता है। इसके साथ ही कई लोग इसकी सफाई के लिए साधारण तेल का भी इस्तेमाल करते हैं। ऐसे में आइए जानते हैं आपकी किन गलतियों की वजह से फर्नीचर जल्दी खराब होता है और सफाई का सही तरीका क्या है।

नुकसान पहुंचा सकते हैं ये दो तरीके

1- सिरका तेल का मिश्रण

साफ-सफाई में सिरका का इस्तेमाल खूब किया जाता है। काफी लोग लकड़ी के फर्नीचर की भी सफाई में इसका इस्तेमाल करते हैं और यही उनके खराब होने का कारण भी बनता है। दरअसल, सिरका अम्लीय होता है, लकड़ी पर इसे लगाने से उसकी कोटिंग कमजोर हो सकती है और तेल सतह को चिपचिपा बना देता है, जिसके चलते लकड़ी जल्दी खराब होने लगती है।

2- बेकिंग सोडा-टूथपेस्ट

बेकिंग सोडा और टूथपेस्ट का भी इस्तेमाल साफ-सफाई में खूब किया जाता है। लेकिन इससे हर चीज साफ नहीं की जा सकती है, खासकर लकड़ी के फर्नीचर को तो भूलकर भी बेकिंग सोडा और टूथपेस्ट से साफ नहीं करना चाहिए। दोनों भले ही दाग को हटाने में मदद कर सकते हैं, लेकिन ये लकड़ी की प्राकृतिक चमक और फिनिश को नुकसान पहुंचा सकते हैं।

तेल से साफ करना चाहिए या नहीं

काफी लोग घर में रखे लकड़ी के फर्निचर की सफाई और चमकाने के लिए नारियल या जैतून के तेल का इस्तेमाल करते हैं। लेकिन इससे फर्निचर पर चिपचिपी परत बन सकता है, जिससे धूल और गंदगी और ज्यादा चिपकने लगती है। लकड़ी के फर्नीचर को साफ करने के लिए थोड़ी मात्रा में वुड ऑयल (टीक ऑयल या लिनसीड ऑयल) का इस्तेमाल किया जा सकता है, इससे उसकी चमक और नमी बनी रहती है। वहीं, पॉलिश, लैमिनेट या वार्निश वाले फर्नीचर पर सामान्य खाना पकाने का तेल नहीं लगाना चाहिए, इससे सतह चिपचिपी हो सकती है और धूल अधिक जमा होने लगती है।

धूल हटाने का तरीका

सबसे पहले माइक्रोफाइबर कपड़े या मुलायम डस्टर से फर्नीचर पर जमी धूल व मिट्टी को अच्छी तरह साफ कर लें।

दाग और चिपचिपाहट कैसे हटाएं

अगर फर्निचर पर दाग या चिपचिपापन है, तो एक मुलायम कपड़े को हल्के गुनगुने पानी में भिगोकर अच्छी तरह निचोड़ लें और सतह को साफ करें। कपड़ा ज्यादा गीला नहीं होना चाहिए, क्योंकि पानी से लकड़ी के फूलने व खराब होने का खतरा रहता है।

जिद्दी दागों को हटाने का तरीका

फर्नीचर पर लगे जिद्दी दागों को हटाने के लिए माइल्ड लिक्विड सोप का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए पानी में माइल्ड लिक्विड सोप की कुछ बूंदें डालें और कपड़े की मदद से साफ कर दें। इसके बाद साफ पानी से पोंछकर तुरंत सूखे कपड़े से साफ कर दें।

चमकाने का तरीका

लकड़ी के फर्नीचर की प्राकृतिक चमक बनाए रखने के लिए 3-4 महीने में एक बार अच्छे वुड पॉलिश या वुड कंडीशनर का इस्तेमाल कर सकते हैं। इससे लकड़ी की सतह सुरक्षित रहती है और चमक नई जैसी बनी रहती है।

इन गलतियों से भी बचें

सिरक का इस्तेमाल न करें।
खाने पकाने वाले तेल के इस्तेमाल से बचें।
फर्नीचर पर सीधे पानी नहीं डालना चाहिए।
कठोर ब्रश या खुरदुरे स्क्रब का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए।
ब्लीच या तेज केमिकल वाले उत्पादों को इस्तेमाल नहीं करना चाहिए।
गीली वस्तुओं को फर्नीचर पर नहीं रखना चाहिए।
लकड़ी के फर्नीचर को सीधे धूप में रखने से बचें।

घंटों नहीं मिनटों में करें साफ, इन 3 आसान तरीकों से चमकाएं पानी की टंकी

छत पर रखी पानी की टंकी की सफाई में कई बार घंटों समय लग जाता है। लेकिन तीन ऐसे आसान तरीके हैं जिनकी मदद से आप मिनटों में आसानी से सफाई कर सकते हैं। तरीका जानने के लिए यहां पर क्लिक करें।