अगर आपको हल्का जुकाम, खांसी या गले में खराश है और दवा लेने की बजाय घरेलू उपाय आजमाना चाहते हैं, तो घर में मौजूद कुछ चीजों से काढ़ा बनाया जा सकता है। तुलसी, मुलेठी और गिलोय जैसी चीजों से बने काढ़े गर्माहट देने के साथ गले की खराश या कफ जैसी परेशानियों में कुछ राहत दे सकते हैं। हालांकि, इन्हें दवा का विकल्प नहीं माना जाना चाहिए। आइए जानते हैं 3 तरह के काढ़े बनाने का आसान तरीका और इन्हें बनाते समय किन बातों का ध्यान रखना चाहिए।

जुकाम-खांसी और सर्दी में बना सकते हैं 3 तरह के काढ़े, इन चीजों की पड़ेगी जरूरत

तुलसी का काढ़ा

तुलसी का इस्तेमाल लंबे समय से घरेलू नुस्खों में किया जाता रहा है। इसके पत्तों से बना गर्म काढ़ा गले को आराम देने और गर्माहट देने में मदद कर सकता है। इसमें अदरक और काली मिर्च जैसी चीजें मिलाने से इसका स्वाद भी बेहतर हो जाता है और जुकाम-खांसी और सर्दी में भी आराम मिल सकता है।

तुलसी का काढ़ा बनाने के लिए चाहिए

5-7 तुलसी की पत्तियां
1 चम्मच कद्दूकस किया हुआ अदरक
5-6 काली मिर्च
2 कप पानी
एक चुटकी काला नमक
आधा नींबू

अब जानें बनाने का तरीका

काढ़ा बनाने के लिए सबसे पहले तुलसी की पत्तियों को अच्छी तरह धो लें। एक पैन में 2 कप पानी डालकर गर्म करें। इसमें तुलसी की पत्तियां, अदरक और काली मिर्च डालकर करीब 8-10 मिनट धीमी आंच पर उबालें। जब पानी थोड़ा कम हो जाए तो गैस बंद कर दें। काढ़े को छानकर कप में निकालें। इसमें एक चुटकी काला नमक और स्वाद के लिए आधा नींबू निचोड़ सकते हैं। इसे बहुत गर्म पीने के बजाय गुनगुना पिएं। इस बात का ध्यान रखें कि बहुत ज्यादा तुलसी या काली मिर्च डालने की जरूरत नहीं है। अगर नींबू से गले में जलन होती है तो इसे छोड़ सकते हैं।

मुलेठी का काढ़ा

मुलेठी का इस्तेमाल भी गले से जुड़ी परेशानियों में पारंपरिक रूप से किया जाता रहा है। मुलेठी का स्वाद हल्का मीठा होता है। इसे बना काढ़ा गले में खराश या जलन में आरामदा दे सकता है।

मुलेठी का काढ़ा बनाने के लिए चाहिए ये चीजें

¼ चम्मच मुलेठी पाउडर
एक चुटकी दालचीनी पाउडर
एक चुटकी काली मिर्च पाउडर
3-4 तुलसी की पत्तियां
1 कप पानी
1 चम्मच शहद

कैसे बनाएं अब ये जानिए

एक पैन में 1 कप पानी डालकर उबालें। इसमें मुलेठी पाउडर, दालचीनी, काली मिर्च और तुलसी की पत्तियां डालें। इसे करीब 5 मिनट धीमी आंच पर पकाएं। इसके बाद छानकर कप में निकाल लें। काढ़ा थोड़ा गुनगुना होने पर इसमें एक चम्मच शहद मिला सकते हैं। शहद को बहुत गर्म काढ़े में न डालें। इसका सेवन करते समय इस बात का ध्यान रखें कि मुलेठी का सेवन लंबे समय तक या ज्यादा मात्रा में करना ठीक नहीं माना जाता। हाई ब्लड प्रेशर, किडनी या दिल से जुड़ी बीमारी वाले लोग और कुछ दवाएं लेने वाले लोग मुलेठी लेने से पहले डॉक्टर से सलाह लें।

गिलोय का काढ़ा

गिलोय को आयुर्वेद में गुडूची या अमृता के नाम से भी जाना जाता है। इसका इस्तेमाल पारंपरिक रूप से कई तरह के काढ़ों में किया जाता है। हालांकि, जुकाम-खांसी को ठीक करने या इम्युनिटी बढ़ाने के दावे को लेकर इसे दवा की तरह इस्तेमाल नहीं करना चाहिए।

गिलोय का काढ़ा बनाने के लिए चाहिए

1-2 इंच गिलोय की डंडी
2 कप पानी
3-4 तुलसी की पत्तियां
अदरक का 1 छोटा टुकड़ा
2-3 काली मिर्च

अब जानें बनाएं का तरीका

गिलोय की डंडी को अच्छी तरह धोकर छोटे टुकड़ों में काट लें। एक पैन में 2 कप पानी डालें और इसमें गिलोय, तुलसी, अदरक और काली मिर्च डाल दें। इसे धीमी आंच पर तब तक पकाएं, जब तक पानी घटकर करीब 1 कप न रह जाए। इसके बाद काढ़े को छान लें और थोड़ा गुनगुना होने पर पिएं। गिलोय को रोजाना लंबे समय तक या ज्यादा मात्रा में लेने से बचना चाहिए। खासकर लिवर से जुड़ी समस्या वाले लोगों, गर्भवती या स्तनपान कराने वाली महिलाओं और पहले से कोई दवा लेने वाले लोगों को गिलोय का सेवन करने से पहले डॉक्टर या योग्य स्वास्थ्य विशेषज्ञ से सलाह लेना बेहतर है।

डिस्क्लेमर: यह लेख सामान्य जानकारी और पारंपरिक घरेलू उपयोग पर आधारित है। काढ़े को किसी बीमारी की दवा या इलाज का विकल्प न मानें।