बारिश के मौसम में जहां भीषण गर्मी से राहत मिलती है, तो वहीं कई सारी घरेलू समस्याएं शुरू हो जाती हैं, जिसमें से एक है कपड़ों से आने वाली बदबू। मानसून के दौरान हवा में नमी का स्तर काफी बढ़ जाता है, जिसके कारण कपड़े देर से सूखते हैं। कई बार कपड़े ऊपर से सूखे दिखाई देते हैं। लेकिन अंदर से नमी बनी रहती है।

कुछ समय तक अगर अलमारी में ये कपड़े रख दिए जाएं तो दुर्गंध धीरे-धीरे पूरी अलमारी में फैल जाती है और सारे कपड़ों से बदबू आने लगती है। ऐसे में जरूरी है कि जिन कपड़ों से दुर्गंध आ रही है उन्हें अलग कर सही तरीके से साफ करें। कुछ घरेलू आसान और असरदार उपाय हैं जो बरसात के मौसम में कपड़ों से आने वाली दुर्गंध को दूर करने में मदद कर सकते हैं।

पहला तरीका

अगर कपड़े से सीलन की दुर्गंध आ रही है तो इसे दूर करने के लिए सफेद सिरके का इस्तेमाल कर सकते हैं। कपड़े धोते समय आखिरी रिंस में आधा कप सफेद सिरका मिला दें। इसमें प्राकृतिक एंटीबैक्टीरियल गुण होते हैं, जो दुर्गंध पैदा करने वाले बैक्टीरिया को कम करने में मदद कर सकते हैं। इससे कपड़ों पर जमी गंध हटाने में मदद मिलेगी। हालांकि, ध्यान रखें कि सिरके का इस्तेमाल सीमित मात्रा में ही करें। वहीं, सिरके को ब्लीच के साथ भूलकर भी न मिलाएं।

दूसरा तरीका

बरसात के मौसम में कपड़ों से आ रही दुर्गंध को दूर करने के लिए आप बेकिंग सोडा का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए कपड़े धोते समय एक से दो चम्मच बेकिंग सोडा डिटर्जेंट के साथ मिला दें। बेकिंग सोडा में गंध को सोखने की क्षमता होती है। यह कपड़ों में मौजूद नमी और पसीने से बनने वाली दुर्गंध को कम करने में मदद कर सकता है।

तीसरा तरीका

मानसून में कपड़ों से आने वाली गंध को दूर करने के लिए आप नींबू का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। हालांकि, नींबू के रस का इस्तेमाल कुछ सफेद या हल्के रंग के कपड़ों पर ही किया जा सकता है। नींबू में प्राकृतिक गुण होते हैं, जो कपड़ों को ताजगी देने और हल्की दुर्गंध को कम करने में मदद करते हैं। हालांकि, नींबू का इस्तेमाल करने से पहले कपड़े के किसी छोटे हिस्से पर पैच टेस्ट जरूर कर लें।

बरसात के मौसम में अगर कपड़ों को थोड़े सावधानी से साफ किया जाए तो बदबू की समस्या से बचा जा सकता है। इस मौसम में आप कपड़ों को हल्के गुनगुने पानी में धो सकते हैं। गर्म पानी गंदगी, पसीने और दुर्गंध पैदा करने वाले कुछ बैक्टीरिया को हटाने में मदद कर सकता है। हालांकि, पानी अधिक गर्म नहीं होना चाहिए।

Also Read
मानसून में जल्दी खराब हो सकती हैं ये सब्जियों, फ्रेश रखने के लिए अपनाएं ये आसान उपाय