पानी की बोतल का इस्तेमाल लगभग हर ऑफिस और जिम जाने वाला व्यक्ति करता है। इसके साथ ही स्कूल के बच्चे भी बोतल से पानी पीते हैं। स्टील की बोतल से लेकर प्लास्टिक और कांच के बोतलों में लोग पानी पीते हैं। जितना पानी का साफ होना जरूरी है, उतनी ही बोतल की नियमित सफाई भी जरूरी है। आइए जानते हैं रोज इस्तेमाल होने वाली पानी की बोतल को कितने दिन बाद साफ करना चाहिए और कैसे:

काफी लोग पानी की बोतल को साफ करना जरूरी नहीं समझते हैं। लेकिन यह आदत नुकसानदायक साबित हो सकती है। लंबे समय तक बोतल को न धोने से इसमें बैक्टीरिया पनप सकते हैं। साथ ही पानी का स्वाद भी खराब हो सकता है और इससे आपके सेहत पर बुरा असर पड़ सकता है। पानी की बोतल को नियमित रूप से साफ करना बेहतर है। अगर संभव न हो तो करीब 2-3 दिन में इसे जरूर धो लेना चाहिए।

कैसे साफ करें
बोतल के बाहरी हिस्सों को स्पंज और गरम पानी में डिशवॉश लिक्विड मिलाकर साफ करें। वहीं, अंदर की सफाई के लिए ब्रश का इस्तेमाल कर सकते हैं। दरअसल, बोतल के अंदर हाथ नहीं पहुंच सकता है। ऐसे में बोतल साफ करने का ब्रश रख लें। इससे अंदर तक सफाई करने में आसानी होगी।

इन हिस्सों की सफाई जरूर
बोतल के ऊपरी सतह, स्ट्रॉ और कोनों की अच्छी तरह सफाई जरूरी है। इन्हें ब्रश की मदद से रगड़कर साफ कर सकते हैं।

साफ करने के बाद बोतल को पूरी तरह धूप में सूखने दें। सिलिकॉन के हिस्सों के नीचे अगर नमी रह जाती है तो फफूंदी लगने का खतरा अधिक होता है।

सफाई को आसान बनाने के लिए
सिंक के पास एक अलग बोतल ब्रश रख लें, जिससे बार-बार खोजना न पड़े।
अगर ट्रैवल अधिक करते हैं तो इसके लिए एक छोटा और पोर्टेबल ब्रश इस्तेमाल कर सकते हैं।
बोतल साफ करने वाली टैबलेट्स भी आती हैं। खासकर जब आप बाहर हों तो इसका इस्तेमाल कर सकते हैं।

महक दूर करने के लिए अपनाएं ये तरीके
अगर बोतल से महक आ रही है तो इसे दूर करने के लिए बेकिंग सोडा और नींबू का इस्तेमाल कर सकते हैं। इन दोनों में प्राकृतिक क्लीनिंग गुण होते हैं, जो सफाई के साथ बदबू भी दूर कर सकते हैं। इसके लिए बोतल में एक चम्मच बेकिंग सोडा और नींबू का रस मिला लें। अब हल्का गुनगुना पानी डालकर अच्छी तरह से हिला दें। 15-20 मिनट बाद इसे धो दें। बदबू आसानी से दूर हो सकती है।

Also Read
प्लास्टिक और मग पर जमे खारे पानी के सफेद दाग कैसे छुड़ाएं, अपनाएं ये आसान और सटीक उपाय