समय के साथ छत पर रखी पानी की टंकी में गंदगी जमा होने लगती है। इसके पीछे कई कारण होते हैं, पानी के साथ आने वाले रेत, मिट्टी, जंग और अन्य सूक्ष्म कण धीरे-धीरे टंकी के तल में जमा होकर एक मोटी परत बना लेते हैं। कई बार टंकी का ढक्कन खुला छोड़ देते हैं, जिसके चलते धूल-मिट्टी, सूखे पत्ते और अन्य बाहरी गंदगी भी अंदर पहुंच जाती है। इसके साथ ही टंकियों में शैवाल (काई) भी पनपने लगते हैं, जिससे पानी की शुद्धता कम हो जाती है और इसमें से बदबू भी आने लगती है।
लंबे समय तक सफाई न करने से इसमें बैक्टीरिया, फंगस और अन्य सूक्ष्मजीव भी विकसित होने लगते हैं, जो स्वास्थ्य के लिए हानिकारक साबित हो सकते हैं। ऐसे में जब टंकी की सफाई करने जाते हैं, तो उसमें घंटों का समय लग जाता है। कई बार तो पूरा दिन निकल जाता है और मेहनत भी ज्यादा लगती है, जिसके चलते थकान महसूस होने लगती है। ऐसे में कुछ तरीके हैं जिनकी मदद से आप अपनी पानी की टंकी को कम मेहनत में साफ कर सकते हैं। आइए जानते हैं:
पहला तरीका
सबसे पहले पानी के मोटर को बंद कर दें। इसके बाद टंकी से सारा पानी बाहर निकाल दें। टंकी में जमी काई और बैक्टीरिया को हटाने के लिए ब्लीचिंग पाउडर का इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके लिए थोड़े से पानी में 4-5 चम्मच ब्लीचिंग पाउडर मिलाकर गाढ़ा घोल तैयार कर लें। अब लंबे हैंडल वाले ब्रश की मदद से इस घोल को टंकी की दीवारों और तली पर अच्छी तरह लगाकर 30-40 मिनट के लिए छोड़ दें। दरअसल, ब्लीचिंग पाउडर गंदगी और बैक्टीरिया को ढीला करने में मदद करता है। इसके बाद साफ पानी से टंकी को धो दें। इससे काफी हद तक टंकी आसानी से साफ हो सकती है।
दूसरा तरीका
कई बार पानी के टंकी में खारे पानी के दाग जम जाते हैं। ऐसे में इसे साफ करने के लिए बेकिंग सोडा और नींबू का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए एक कटोरी में बेकिंग सोडा लें और उसमें 2-3 नींबू का रस मिलाकर पेस्ट तैयार कर लें। इस पेस्ट को टंकी के दाग-धब्बों वाली जगह पर लगाकर 20 मिनट के लिए छोड़ दें। इसके बाद एक हल्के स्क्रबर से इसे साफ कर दें। बेकिंग सोडा में क्षारीय गुणों वाला होता है, जो जिद्दी दाग, पीलेपन और खारे पानी के कारण बने दाग-धब्बों को हल्का करने में मदद करता है।
तीसरा तरीका
अगर टंकी की सफाई करने के बाद भी उसमें से बदबू आ रही है तो सफेद सिरके का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए टंकी में 2-3 कप सफेद सिरका डालकर एक लंबे ब्रश से दीवारों पर फैला दें और 15 मिनट के लिए छोड़ दें। इसके बाद तेज पानी के प्रेशर से टंकी को अच्छी तरह साफ कर लें और सारा पानी बाहर निकाल लें। इससे न सिर्फ टंकी के अंदर की दुर्गंध खत्म होती है, बल्कि काई और कुछ प्रकार के बैक्टीरिया की मात्रा भी काफी हद तक कम हो सकती है।
मिक्सर-ग्राइंडर के जार में जम गई है जिद्दी गंदगी, इन आसान तरीकों से करें साफ
जिस तरह समय के साथ पानी की टंकी गंदी हो जाती है उसी तरह मिक्सर का जार भी गंदा हो जाता है। इसके ब्लेड्स में गंदगी जम जाती है, जिसे साफ करना काफी मुश्किल हो जाता है। हालांकि, कुछ तरीके हैं जिसकी मदद से आप इसे आसानी से साफ कर सकते हैं। इसकी सफाई के लिए आप यहां पर क्लिक कर के नुस्खों की जानकारी ले सकते हैं।
