दीवाली से पहले लोग अपने घरों की साफ-सफाई में जुट जाते हैं। इस दौरान किचन, कमरे से लेकर बालकनी तक की अच्छी तरह सफाई की जाती है। इसके साथ ही पंखों की सफाई करना भी जरूरी होता है। हालांकि, पंखे की ब्लेड साफ करना सबसे मुश्किल कामों में से एक है। दरअसल, पंखा छत की सीलिंग पर लगा होता है और इतनी ऊंचाई पर लगा होने के कारण उस तक आसानी से हाथ नहीं पहुंच पाता। साथ ही सफाई के दौरान पंखे के ब्लेड पर जमी धूल और चिपचिपी गंदगी नीचे गिरकर इधर-उधर बिखर जाती है, जिससे घर काफी गंदा लगने लगता है।

हालांकि, एक आसान तरीका है जिसकी मदद से आप पंखे की सफाई कर सकते हैं और वो भी गंदगी बिना फैलाए। दरअसल, तकिए के पुराने कवर की मदद से पंखे की सफाई की जा सकती है। आइए जानते हैं कैसे पंखे की सफाई करें।

इस तरह इस्तेमाल करें तकिए का कवर

सबसे पहले पंखे का स्विच बंद कर दें। अगर संभव हो तो सुरक्षा के लिहाज से उसका पावर कनेक्शन भी बंद कर दें। पंखे के ब्लेड पूरी तरह रुकने के बाद ही सफाई शुरू करें। अब ऐसे पुराने तकिए का इस्तेमाल करें जो बेकार पड़ा हो। सबसे पहले कवर को थोड़ा नम करें, हालांकि उसे बहुत ज्यादा गीला न करें।

जिद्दी दाग हटाने के लिए बनाएं ये घोल

इसके लिए एक कटोरी या बाल्टी में हल्का गुनगुना पानी लें और उसमें थोड़ा सा लिक्विड डिशवॉश या माइल्ड साबुन मिला लें। अगर ब्लेड पर चिकनाई ज्यादा जमी है, तो यह घोल गंदगी को ढीला करने में मदद करेगा। अब तकिए के कवर को पंखे की एक ब्लेड के ऊपर इस तरह चढ़ाएं कि ब्लेड उसके अंदर आ जाए। कवर को ब्लेड के दोनों तरफ से हल्के हाथों से पकड़ें और अपनी ओर खींचें। इससे धूल और गंदगी कवर के अंदर ही निकल आएगी और नीचे फर्श पर कम गिरेगी।

अंत में ये काम करना न भूलें

अगर पहली बार में गंदगी पूरी तरह नहीं निकलती है, तो कवर को दोबारा हल्का नम करके ब्लेड पर चढ़ाएं। जमी हुई चिकनाई को कुछ देर घोल से नरम होने दें और फिर धीरे-धीरे कवर को खींचें। जरूरत लगे तो किसी मुलायम कपड़े से ब्लेड को पोंछ दें। जब सफाई खत्म हो जाए, तो अंत में ब्लेड पर मौजूद पानी को सूखे, मुलायम कपड़े से अच्छी तरह पोंछ दें। जब पंखा पूरी तरह सूख जाए तब ही उसे दोबारा चलाएं। इस तरह आप पुराने और बेकार पड़े तकिए के कवर की मदद से पंखे की कम समय में आसानी से सफाई कर सकते हैं।

यह भी पढ़ें
नवरात्रि का न करें इंतजार, इन आसान तरीकों से झटपट चमकाएं घर का मंदिर