किचन जितना साफ-सुथरा और व्यवस्थित रहता है खाना बनाने में उतना ही आसान होता है। कई चीजें ऐसी होती हैं जिनकी नियमित सफाई नहीं हो पाती है और समय के साथ ये गंदी हो जाती हैं और उन्हें साधारण तरीके से साफ करना मुश्किल हो जाता है। इन्हीं में से एक मिक्सर-ग्राइंडर का जार है। मिक्सर जार में जब मसाले या अन्य चीजें पीसी जाती हैं, तो इनके कुछ न कुछ पार्ट अंदर फंसे रह जाते हैं। समय के साथ ये धीरे-धीरे मोटी परत बनाने लगते हैं और फिर काली गंदगी नजर आने लगती है।
गंदे जार में बार-बार मसाले या अन्य चीजें पीसने से ब्लेड्स के आसपास और उनकी दरारों में गंदगी जमा होने लगती है और इसे साफ करना काफी मुश्किल हो जाता है। अगर आप भी इस समस्या से परेशान हैं, तो यह खबर आपके काम आ सकती है। क्योंकि कुछ घरेलू तरीके हैं जिनकी मदद से आप गंदे जार को आसानी से साफ कर सकते हैं। आइए जानते हैं:
पहला तरीका
मिक्सर के जार को साफ करने का सबसे आसान तरीका है इसके गैस्टेक को अलग कर लें। दरअसल, आम बोलचाल में गैस्टेक को रबर की रिंग या सील कहते हैं, जो मिक्सर के जार के ढक्कन और जार के निचले ब्लेड वाले हिस्से में लगी होती है। इसे निकालने के बाद आप ब्लेड के नीचे जमी गंदगी को आसानी से साफ कर सकते हैं। इसके साथ ही जार के अंदर जमी अन्य गंदगी को भी हटा सकते हैं। इसकी सफाई साधारण डिशवॉशिंग लिक्विड से किया जा सकता है।
दूसरा तरीका
ब्लेड के नीचे या छोटी-छोटी जगहों पर गंदगी ज्यादा फंसी होती है, ऐसे में यहां पर हाथ नहीं पहुंच पाता। इन जगहों की सफाई के लिए पुराने टूथब्रश का इस्तेमाल किया जा सकता है। इससे जार के हैंडल के जॉइंट, स्क्रू और ब्लेड के आसपास जमा मैल को आसान से हटाया जा सकता है। सफाई से पहले टूथब्रश पर डिशवॉश लिक्विड लगाएं और फिर सभी हिस्सों को पानी से साफ करें।
तीसरा तरीका
अगर लंबे समय से आपने मिक्सर जार के निचले हिस्से की सफाई नहीं की है, तो इसपर जमी गंदगी की मोटी परत आसानी से साफ नहीं होती है। ऐसे में आप बेकिंग सोडा और सिरका का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए जार को उल्टा करके रख दें और गंदगी वाली जगह पर एक चम्मच बेकिंग सोडा डालें और ऊपर से एक चम्मच सिरका डाल दें। सिरका डालते ही झाग बनने लगेगा। अब इसे किसी ब्रश की मदद से रगड़ दें और 10 मिनट के लिए छोड़ दें। इसके बाद साफ पानी से अच्छी तरह धो लें। इससे गंदगी आसानी से साफ हो सकती है।
चौथा तरीका
इसके अलावा मिक्सर को साफ रखने का सबसे अच्छा तरीका यह है कि इसका जब भी इस्तेमाल करें, तो अंत में जार में पानी और एक-दो बूंद डिशवॉश लिक्विड डालकर 10-15 सेकंड के लिए चला दें। इससे ब्लेड्स में फंसी गंदगी आसानी से बाहर निकल सकती है और मिक्सी लंबे समय तक साफ रहती है।
Also Read
काला और गंदा हो गया है रसोई का गैस लाइटर, चमकाने के लिए अपनाएं ये आसान तरीके
