अन्य जूतों की तुलना में चमड़े के जूतों की देखभाल थोड़ी अधिक करनी पड़ती है। कपड़े वाले जूतों को तो पानी से आसानी से साफ किया जा सकता है। वहीं, अन्य कई जूतों पर सिर्फ पॉलिस लगाने से ही वे चमकने लगते हैं। लेकिन लेदर के जूते अगर एक बार गंदे हो जाएं, तो उन्हें साफ करना थोड़ा काफी मुश्किल होता है।
लगातार इस्तेमाल के कारण कुछ समय बाद चमड़े के जूतों की चमक कम होने लगती है। साथ ही इसे पानी से बचाकर रखना भी जरूरी होता है, क्योंकि चमड़े के जूते अगर ज्यादा गीले हो जाएं तो उनके खराब होने की संभावना बढ़ जाती है। अगर आप भी लेदर के जूते पहनते हैं और वे गंदे हो गए हैं, तो यहां जानिए उन्हें सही तरीके से साफ करने का आसान तरीका।
साफ करने के लिए जरूरत की चीजें
- सॉफ्ट ब्रिसल वाला ब्रश
- लेदर क्लीनर या लिक्विड डिश सोप
- पेपर टॉवल
- पानी
- मैजिक इरेजर
- साफ और सूखा कपड़ा
- लेदर कंडीशनर
साफ करने का तरीका
1- अगर जूते में लेस लगे हैं तो सबसे पहले उन्हें निकाल लें। जूते को सॉफ्ट ब्रश की मदद से ऊपर से नीचे की ओर हल्के-हल्के गोल घुमाते हुए धूल और मिट्टी साफ कर लें।
2- एक कप गुनगुने पानी में डिश सोप की कुछ बूंदें मिला लें। इसके बाद पेपर टॉवल की मदद से इस पानी में डुबोकर लेदर वाले हिस्से पर हल्के हाथों से रगड़ें। इससे बची हुई धूल और गंदगी साफ हो जाती है। इसकी जगह लेदर क्लीनर का भी इस्तेमाल कर सकते हैं।
3- जब तक साबुन या क्लीनर पूरी तरह हट न जाए, तब तक साफ गीले पेपर टॉवल से जूते को पेंछते रहें।
4- जूते के रबर वाले किनारों और और सोल को मैजिक इरेजर की मदद से साफ करें। इससे वे चमकने लगते हैं। मैजिक इरेजर को लेदर वाले हिस्से पर न लगाएं, इससे चमक खत्म हो सकती है।
5- अब साफ और सूखे कपड़े से जूतों को रगड़कर अतिरिक्त नमी हटा दें। इससे धीरे-धीरे जूतों में हल्की चमक आने लगती है। तेज धूप में सुखाने से बचना चाहिए, इससे रंग फीका पड़ सकता है।
6- अगर आपने जूतों को साबुन से साफ किया है, तो अंत में लेदर कंडीशनर लगा दें। इससे जूते मुलायम होने के साथ ही इनमें और चमक आ जाती है।
Also Read
पुरानी टी-शर्ट को फेंके नहीं, इन 8 स्मार्ट तरीकों से करें इस्तेमाल
