Diwali Lights Shopping Market: खुशियों और रोशनी से भरा त्योहार दिवाली का हर किसी को बेसब्री से इंतजार करता है। इस साल दिवाली 8 नवंबर, रविवार को है और ऐसे में बाजारों में आप अभी से रौनक और भीड़भाड़ देख सकते हैं। अपने घर को सजाने के लिए हम तरह-तरह की सुंदर और सजावटी चीजें खरीदते हैं। दिवाली के मौके पर दीयों और लाइट्स का विशेष महत्व होता है। हर कोई अपने घर को आकर्षक और रंग-बिरंगी लाइटों से सजाना पसंद करता है। कई बार पुरानी लाइटें रखे-रखे खराब हो जाती हैं, या अच्छी नहीं दिखती हैं। ऐसे में हम बाजार से नई लाइटें और झालर खरीदने की सोचते हैं।

अगर आप भी दिवाली के लिए झालर, झूमर या अन्य डेकोरेटिव लाइट्स खरीदने का प्लान कर रहे हैं, तो इधर-उधर जाने की जरूरत नहीं है। बल्कि दिल्ली का एक ऐसा मार्केट (बाजार) है, जहां पर आपको तरह-तरह के डिजाइन वाले इलेक्ट्रॉनिक सामान कम दामों पर एक ही जगह मिल जाएंगे।

दिल्ली में इस जगह से खरीदें दिवाली के लिए लाइटें

दिल्ली में मौजूद चांदनी चौक के भागीरथ पैलेस बहुत बड़ा और सस्ता इलेक्ट्रिकल मार्केट है। यह दिल्ली ही नहीं बल्कि देश का सबसे बड़ा इलेक्ट्रिकल मार्केट माना जाता है। दिवाली के दौरान इस मार्केट की रौनक अलग ही होती है। पूरा बाजार लाइटों से जगमगा उठता है। लोग यहां पर दिवाली की शॉपिंग करने के लिए आते हैं।

दिवाली के दौरान चांदनी चौक के इस मार्केट में जबरदस्त भीड़ देखने को मिलती है। यहां पर आपको अलग-अलग तरह की खूबसूरत झालर मिल जाएंगी, जिसे मुख्य द्वार और मंदिर के अंदर सजावट के तौर पर इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके अलावा वॉटरप्रूफ लाइट्स भी यहां मिलती हैं। लक्ष्मी-गणेश जी की मूर्ति जिसमें लाइट्स हैं, रंग-बिरंगी लड़ियां, कंदिल, लैंप, झूमर और छोटे-बड़े हर तरह के बल्ब वाली लाइटें मिल जाएंगी।

लिविंग रूम, बेडरूम, बालकनी और किचन को सजाने के लिए यहां पर आपको तरह-तरह के डिजाइन वाले लैंप मिल जाएंगे। घर को सजाने के लिए सजावटी सामान का कलेक्शन यहां पर काफी बढ़िया है। इसके अलावा मंदिर को सजाने के लिए भी यहां तरह-तरह की लाइटें मिल जाएंगी। घर को रॉयल फील देने के लिए आप इस मार्केट में आ सकते हैं। खास बात यह है कि यहां पर सभी चीजें आपको तुलनात्मक रूप से कम दामों पर आसानी से मिल जाएंगी।

पहुंचने का तरीका

दिल्ली के इस मार्केट में जाने के लिए आप चांदनी चौक पहुंचना होगा। आप दिल्ली मेट्रो से चांदनी चौक आ सकते हैं और फिर यहां से आप रिक्शा से या पैदल भी जा सकते हैं। इसके बीच की दूरी लगभग 1 से 2 किमी होगी। आप चाहें तो लाल किला मेट्रो स्टेशन से भी यहां पहुंच सकते हैं। इसके अलावा कैब, टैक्सी या पर्सनल वाहन से यहां आ सकते हैं। ध्यान रखें कि चांदनी चौक में दिवाली के दौरान काफी भीड़ रहती है, तो चांदनी चौक से अंदर रिक्शा या पैदल जाना बेहतर विकल्प हो सकता है।