नवरात्र के नौ दिनों तक मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की विधि-विधान से पूजा की जाती है। इस मौके पर कई उपासक नौ दिनों का व्रत भी रखते हैं। व्रत में खानपान के विकल्प काफी कम होते हैं। ऐसे में लोग अक्सर फलाहार में साबूदाना खिचड़ी, कुट्टू की पूरी, आलू की सब्जी या मखाने की खीर जैसी चीजें खाते हैं। लेकिन कई बार एक जैसा खाना खाकर स्वाद बदलने का मन करने लगता है। अगर आपके साथ भी ऐसा है, तो शाम के दौरान हल्की भूख लगने पर समा के चावल की कुरकुरी टिक्की बना सकते हैं।
समा के चावल की टिक्की बाहर से कुरकुरी और अंदर से नरम होती है। इसे बनाना भी आसान है और इसके लिए बहुत ज्यादा सामग्री की जरूरत नहीं पड़ती। आइए जानते हैं किस तरह कुरकुरी टिक्की बनाएं।
समा के चावल की टिक्की बनाने के लिए सामग्री
1 कप समा के चावल
2 मध्यम आकार के उबले आलू
2 बड़े चम्मच भुनी हुई मूंगफली
1 बारीक की कटी हुई हरी मिर्च
आधा छोटा चम्मच कद्दूकस किया हुआ अदरक
2 बड़े चम्मच बारीक कटा हुआ हरा धनिया
स्वादानुसार सेंधा नमक
आधा छोटा चम्मच काली मिर्च पाउडर
1 छोटा चम्मच नींबू का रस
टिक्की सेंकने के लिए घी या मूंगफली का तेल
इस तरह बनाएं कुरकुरी टिक्की
सबसे पहले समा के चावल को 2-3 बार साफ पानी से धो लें। इसके बाद उन्हें लगभग 15-20 मिनट के लिए भिगोकर रख दें। इससे चावल जल्दी और समान रूप से पकेंगे। अब एक पैन में भीगे हुए चावल और आवश्यकतानुसार पानी डालें। धीमी से मध्यम आंच पर पकाएं, जब तक चावल नरम न हो जाएं और पानी लगभग सूख न जाए। इन्हें ठंडा होने दें। ध्यान रखें कि चावल बहुत ज्यादा गीले न रहें, वरना टिक्की बनाने में परेशानी होगी।
अब एक बड़े बर्तन में पके हुए समा के चावल, उबले आलू और दरदरी कुटी हुई भुनी मूंगफली डालें। अब इसमें हरी मिर्च, अदरक, सेंधा नमक, काली मिर्च और हरा धनिया मिलाएं। सभी चीजों को अच्छी तरह मसलकर एकसार मिश्रण बना लें। मिश्रण से छोटे-छोटे हिस्से लेकर गोल या चपटे आकार की टिक्कियां बना लें। अगर मिश्रण बहुत नरम लग रहा है, तो इसे कुछ देर फ्रिज में रख दें।
अब नॉनस्टिक तवे पर थोड़ा घी या मूंगफली का तेल गर्म करें। टिक्कियों को तवे पर रखकर मध्यम आंच पर दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक सेंक लें। अब इन्हें प्लेट में निकाल लें और व्रत में खाई जाने वाली चटनी या ताजे दही के साथ परोस दें।
यह भी पढ़ें
न साबूदाना खिचड़ी, न फलाहारी पकौड़े, इस बार व्रत में बनाएं समा की इडली
