Chanakya Niti in Hindi: जीवन में आगे बढ़ने और सफलता पाने के लिए सिर्फ मेहनत करने से काम नहीं चलता है। उसके लिए सही समय पर सही फैसले लेना भी उतना ही जरूरी होता है। सफलता का स्वाद चखने के लिए क्या करना चाहिए और किन गलतियों को करने से बचना चाहिए ये भी हमें पता होना चाहिए। कई बार लोग अनजाने में ऐसी आदतों का शिकार हो जाते हैं या फैसले ले लेते हैं जो बाद में उनकी तरक्की की राह में बाधा बन सकते हैं। आचार्य चाणक्य ने इसको लेकर नीतियां बताई थीं, जो आज भी प्रासंगिक हैं। ऐसे में अगर आप जीवन में आगे बढ़ना चाहते हैं, तो इन 5 गलतियों के बारे में पता होना जरूरी है।

मनसा चिन्तितं कार्यं वाचा नैव प्रकाशयेत्।
मन्त्रेण रक्षयेद् गूढं कार्यं चापि नियोजयेत्।।

आचार्य चाणक्य की इस नीति से हमें यह सीख मिलती है कि अपने हर प्लान के बारे में दूसरों को बताना जरूरी नहीं है। कई बार हम कोई नया काम शुरू करने से पहले ही उसके बारे में दोस्तों, रिश्तेदारों या आसपास के लोगों को बताने लगते हैं। लेकिन हर व्यक्ति आपके लक्ष्य को समझे या आपका भला ही चाहे, यह जरूरी नहीं है।

इसलिए अगर आप जीवन में कुछ बड़ा करना चाहते हैं, तो पहले योजना बनाएं, उस पर चुपचाप काम करें और सही समय आने पर रिजल्ट दुनिया के सामने रखें। अधूरे काम और भविष्य की हर योजना का बार-बार जिक्र करने की आदत से बचना चाहिए।

इन्द्रियाणां च संयम बकवद् पण्डितो नरः।
देशकालबलं ज्ञात्वा सर्वकार्याणि साधयेत्।।

इस श्लोक में संयम और सही समय की समझ पर जोर दिया गया है। सिर्फ जो मन करे वही करते रहना या गुस्से, लालच और जल्दबाजी में फैसले लेना आपको गलत दिशा में ले जा सकता है।

सफल होने के लिए जरूरी है कि आप अपनी इच्छाओं और भावनाओं पर काबू रखना सीखें। साथ ही कोई भी काम करने से पहले अपनी क्षमता, परिस्थितियों और सही समय को समझें। हर काम तुरंत करना जरूरी नहीं होता, कई बार सही मौके का इंतजार करना भी समझदारी होती है।

परस्परस्य मर्माणि ये भाषन्ते नराधमाः।
त एव विलयं यान्ति वल्मीकोदरसर्पवत्।।

इस नीति का सीधा संदेश है कि किसी व्यक्ति की कमजोरी, निजी बात या राज को दूसरों के सामने बताने की आदत ठीक नहीं है। कई लोग दूसरों की कमियां और सीक्रेट्स बताकर खुद को ज्यादा समझदार दिखाने की कोशिश करते हैं।

लेकिन ऐसी आदत धीरे-धीरे आपके रिश्तों और आपकी छवि दोनों को नुकसान पहुंचा सकती है। इसलिए अगर कोई व्यक्ति आप पर भरोसा करके कोई निजी बात बताता है, तो उस भरोसे को बनाए रखना सीखें। दूसरों की कमजोरी को चर्चा का विषय बनाना एक ऐसी आदत है, जिससे बचना चाहिए।

आपदर्थे धनं रक्षेच्छ्रीमतां कुत आपदः।
कदाचिच्चलते लक्ष्मीः सञ्चितोऽपि विनश्यति॥

इस श्लोक में चाणक्य ने मुश्किल समय के लिए धन बचाने की बात कही है। आज अच्छी कमाई हो रही है, इसका मतलब यह नहीं कि भविष्य में भी परिस्थितियां हमेशा एक जैसी रहेंगी।

अगर आप कमाई का सारा पैसा बिना सोचे-समझे खर्च कर देते हैं और बचत की आदत नहीं रखते, तो जरूरत पड़ने पर परेशानी हो सकती है। इसलिए सफलता सिर्फ ज्यादा पैसा कमाने में नहीं, बल्कि पैसों को समझदारी से संभालने में भी है। अपनी जरूरतों के साथ-साथ भविष्य और अचानक आने वाली मुश्किलों के लिए कुछ बचत करना जरूरी है।

यस्मिन् देशे न सम्मानो न वृत्तिर्न च बान्धवाः।
न च विद्यागमोऽप्यस्ति वासस्तत्र न कारयेत्॥

इस श्लोक में चाणक्य कहते हैं कि व्यक्ति को ऐसी जगह लंबे समय तक नहीं रहना चाहिए, जहां उसे सम्मान न मिले, काम या आजीविका के अवसर न हों और सीखने-आगे बढ़ने का कोई मौका न हो।

इसे आज की जिंदगी से जोड़कर देखें तो अगर आप लगातार ऐसे माहौल में हैं जहां न आपकी काबिलियत की कद्र हो रही है, न कुछ नया सीखने का अवसर मिल रहा है और न ही आगे बढ़ने की कोई संभावना है, तो उस स्थिति पर विचार करना जरूरी है।

इसका मतलब हर मुश्किल जगह को तुरंत छोड़ देना नहीं है, बल्कि यह समझना है कि आपका माहौल आपके विकास में मदद कर रहा है या आपको आगे बढ़ने से रोक रहा है।

हार के बाद टूट गई है हिम्मत तो पढ़िए ये 15 मोटिवेशनल कोट्स, मिल सकती है नई ऊर्जा

नोट: यहां दी गई जानकारी मनोज पब्लिकेशन्स से प्रकाशित ‘सम्पूर्ण चाणक्य नीति’ चाणक्य सूत्र और जीवन गाथा किताब से ली गई है।