पूर्वोत्तर भारत के सबसे खूबसूरत राज्यों में से एक मणिपुर भी है, जो अपनी समृद्धि संस्कृति, प्राकृतिक सुंदरता और खान-पान के लिए जाना जाता है। मणिपुर के कई ऐसे पारंपरिक व्यंजन जो भारत के अन्य हिस्सों में भी लोग बड़े चाव से खाते हैं। इन्हीं में से एक है चाक-हाओ खीर, जो अपने अनोखे स्वाद, रंग, खुशबू और बनाने के तरीके के लिए जानी जाती है। यह मणिपुर की एक पारंपरिक और बेहद लोकप्रिय खीर है, जिसे लोग खास अवसरों पर बनाते हैं। अगर आप भी घर पर कोई नया व्यंजन ट्राई करना चाहते हैं तो यह खास खीर बना सकते हैं।
मणिपुर में लोग इस खीर को चाक-हाओ यानी काले चावल से बनाते हैं, जो पोषक तत्वों से भरपूर होता है। इसमें आयरन, फाइबर, एंटीऑक्सीडेंट और कई जरूरी विटामिन पाए जाते हैं, जो सेहत के लिए बेहद फायदेमंद होते हैं। आइए जानते हैं इस खीर को बनाने की विधि और इसमें कौन-कौन सी सामग्री डाली जाती है।
चाक-हाओ खीर के लिए सामग्री
1 कप काला चावल
1 लीटर फुल क्रीम दूध
आधा कप या स्वादानुसार चीनी या गुड़
आधा छोटा चम्मच इलायची पाउडर
10-12 कटे हुए काजू
10-12 कटे हुए बादाम
1 बड़ा चम्मच किशमिश
1 बड़ा चम्मच बारीक कटा हुआ पिस्ता
कुछ केसर के धागे (वैकल्पिक)
चाक-हाओ खीर बनाने की विधि
सबसे पहले काले चावल को अच्छी तरह साफ पानी से धो लें। इसके बाद इन्हें 4-6 घंटे या पूरी रात के लिए पानी में भिगो कर रख दें। इससे चावल जल्दी पकते हैं और खीर का टेक्सचर बेहतर बनता है।
अब एक कड़ाही या भारी तले वाले बर्तन में दूध को मध्यम आंच पर उबाल लें। दूध को बीच-बीच में चलाते रहें ताकि वह तले में न लगें। अब भीगे हुए चावल को निकालकर उबलते दूध में डाल दें और धीमी आंच पर 35-45 मिनट तक पकाएं। बीच-बीच में दूध को चलाते रहें।
जब चावल पूरी तरह नरम हो जाएं और खीर गाढ़ी होने लगे, तब इसमें चीनी या गुड़ डाल दें। इसके बाद काजू, किशमिश, बादाम और पिस्ता डालकर अच्छी तरह मिला दें। अब इसमें इलायची पाउडर और केसर डाल दें। इसके बाद खीर को 5-10 मिनट तक धीमी आंच पर पकने दें, ताकि सभी का स्वाद अच्छी तरह दूध और चावल में घुल-मिल जाए। अब गैस को बंद कर दें और खीर को थोड़ा ठंडा होने दें। इसे आप गरमागरम या फिर ठंडा दोनों तरह से सर्व कर सकते हैं। परोसने से पहले ऊपर से कटे हुए मेवे डाल दें।
Also Read
कर्नाटक स्टाइल में बनाएं वांगी भात, जानें बनाने का तरीका
