चैत्र नवरात्रि का पर्व पूरे देश में बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया जाता है। यह हिंदू धर्म के सबसे पवित्र और महत्वपूर्ण त्योहारों में से एक है। नवरात्रि के 9 दिनों में मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जाती है। इस साल चैत्र नवरात्रि 19 मार्च से 27 मार्च तक मनाई जाएगी। इन दिनों भक्त मां दुर्गा की कृपा प्राप्त करने के लिए नौ दिनों का व्रत रखते हैं और पूरे नियमों के साथ पूजा-पाठ करते हैं। नवरात्रि के व्रत के दौरान खान-पान का विशेष ध्यान रखना पड़ता है।

नवरात्रि व्रत में कुट्टू का आटा, सिंघाड़े का आटा, साबूदाना और सेंधा नमक जैसी चीजों का अधिक इस्तेमाल किया जाता है। हालांकि, कई बार समय की कमी के कारण समझ नहीं आता कि व्रत में क्या बनाया जाए। ऐसे में आप नवरात्रि के दिनों में कम समय में स्वादिष्ट साबूदाना वड़ा बनाकर खा सकते हैं। यह बनाने में आसान होने के साथ-साथ खाने में भी बेहद स्वादिष्ट होता है। यह शरीर को दिनभर ऊर्जावन बनाए रखने में भी मदद कर सकता है। इसे आप स्नैक्स के रूप में खा सकते हैं।

साबूदाना वड़ा बाहर से कुरकुरा और अंदर से मुलायम होता है। इसे बनाने में साबूदाना और मूंगफली का इस्तेमाल होता है, जिससे यह प्रोटीन से भरपूर होता है। ऐसे में इसके सेवन से दिनभर शरीर ऊर्जावान रह सकता है। आइए जानते हैं इसे बनाने की विधि क्या है।

साबूदाना वड़ा बनाने की सामग्री | Crispy Sabudana Vada Recipe

  • आलू- 4-5 मीडियम साइज के
  • साबूदाना- 1 कप
  • सेंधा नमक- स्वादानुसार
  • मूंगफली- आधा कप
  • लाल मिर्च पाउडर- 1 छोटा चम्मच
  • हरा धनिया- कटा हुआ एक चम्मच
  • हरी मिर्च- 1-2
  • डीप फ्राई करने के लिए घी

साबूदाना वड़ा बनाने की विधि | How to Make Crispy Sabudana Vada Recipe

  • सबसे पहले साबूदाने को अच्छी तरह धोकर 1-2 घंटे के लिए भिगो दें, ताकि वह अच्छे से फूल जाए।
  • इस दौरान आलू उबाल लें और उसका छिलका निकालकर मैश कर लें। साथ ही मूंगफली को दरदरा पीस लें।
  • अब भीगे हुए साबूदाने को एक बड़े से बाउल में छान लें। इसमें मैश किए हुए आलू, सेंधा नमक, मूंगफली, लाल मिर्च पाउडर, हरी मिर्च और हरा धनिया डालकर अच्छी तरह मिलाकर मिश्रण तैयार कर लें।
  • इसके बाद एक कड़ाही को गैस पर रखकर उसमें घी गर्म कर लें। तैयार मिश्रण से छोटे-छोटे गोल वड़े बना लें और गर्म घी में डीप फ्राई करें।
  • जब वड़े दोनों तरफ से सुनहरे और कुरकुरे हो जाएं, तो उन्हें कड़ाही से निकाल लें। आपका साबूदाना वड़ा तैयार है। अब इसे आप धनिया की चटनी, नारियल की चटनी या फिर आलू की सब्जी के साथ परोस सकते हैं।

Also Read
शाम को हल्की भूख के लिए बनाएं बचे हुए चावल के पकौड़े, बेहद आसान है आसान रेसिपी