धनतेरस के शुभ अवसर पर सोने, चांदी, बर्तनों और नई चीजों की खरीदारी करना शुभ माना जाता है। हालांकि सोने और चांदी की वस्तुएं कई बार बजट से बाहर होती हैं, जिसकी वजह से ज्यादातर लोग इस दिन नए बर्तन खरीदते हैं। स्टील, तांबे या पीतल के बर्तनों को धनतेरस के दिन खरीदना अच्छा माना जाता है। दिवाली से एक दिन पहले धनतेरस मनाया जाता है। इस साल यह 6 नवंबर को मनाया जाएगा। ऐसे में अगर आप बर्तन खरीदने की सोच रहे हैं, तो कुछ सस्ते और अच्छे बाजारों को चुन सकते हैं।
अगर आप धनतेरस पर बर्तन खरीदने का प्लान कर रहे हैं, तो दिल्ली के कुछ मार्केट यानी बाजारों का रुख कर सकते हैं। दिल्ली के इन बाजारों में बर्तनों की काफी बड़ी दुकानें मौजूद हैं, जहां किलो के भाव में बर्तन मिल सकते हैं। यहां आप शादी या त्योहार के लिए बर्तनों की खरीदारी कर सकते हैं।
डिप्टी गंज मार्केट
इस जगह आपको बर्तनों के भंडार देखने को मिलेगा। जहां पर आपको हर तरह के छोटे-बड़े बर्तन आसानी से बजट दामों पर मिल सकते हैं। तांबा, पीतल, एल्युमीनियम जैसी धातु के बर्तन यहां पर आप खरीद सकते हैं। डिप्टी गंज मार्केट दिल्ली के सदर बाजार में मौजूद है। हालांकि दिवाली के दौरान यहां पर काफी भीड़ देखने को मिल सकती है। घर के लिए आपको डिजाइनर और स्टाइलिश बर्तन चाहिए, तो यहां पर आ सकते हैं। इडली का सांचा, बाटी का ओवन, बर्तनों का स्टैंड, भारी टंकी, लोटा, भगोनी और कई सारी चीजों को किफायती दामों पर खरीदा जा सकता है। यह बाजार सोमवार से रविवार तक खुला रहता है। भगवान की मूर्तियां और पूजा का सामान भी यहां से खरीद सकते हैं। थोक के भाव में यहां से बर्तनों की शॉपिंग करने के लिए यह बाजार बेहतरीन विकल्प रहेगा।
अगर आप बर्तनों का बिजनेस करते हैं, तो किलो के भाव यहां से खरीदारी कर सकते हैं। इस बाजार में छोटी-छोटी चीजों की शुरुआत 10 से 15 रूपए में हो सकती है और बाल्टी आपको 250 रुपए किलो के हिसाब से मिल सकती है। बर्तनों की कीमत काफी हद तक उनके वजन और क्वालिटी पर भी निर्भर करती है। अगर आपकी बार्गेनिंग स्किल्स अच्छी हैं, तो यहां पर आप मोलभाव कर सकते हैं।
पहुंचने का तरीका
चांदनी चौक या तीस हजारी मेट्रो स्टेशन से रिक्शा करके यहां पहुंच सकते हैं। यह बाजार सुबह 10 बजे से खुल जाती है और रात को 8 बजे बंद हो जाती है।
हौज रानी
दिल्ली के मालवीय नगर में मौजूद हौज रानी बाजार में आप धनतेरस की शॉपिंग करने जा सकते हैं। यहां पर हस्तनिर्मित और सिरामिक के सामान काफी प्रसिद्ध हैं। अगर आपको हाथ से बने चीनी मिट्टी के बर्तन खरीदने हैं, तो यहां पर आ सकते हैं। इसके अलावा आपको कई दुकानें मिल जाएंगी, जहां पर बर्तनों के साथ अन्य चीजों की खरीदारी की जा सकती है। यह जगह मालवीय नगर मेट्रो स्टेशन के नजदीक है।
चावड़ी बाजार
पुरानी दिल्ली के चावड़ी बाजार में आपको बर्तन, क्रोकरी और हार्डवेयर की कई पुरानी और प्रसिद्ध दुकानें मिल जाएंगी। यहां पर धनतेरस के दिन बर्तनों की शॉपिंग कर सकते हैं। चम्मच, गिलास, कटोरी, भगोनी, बाल्टी, टंकी और कई सारी चीजों को यहां पर किफायती दामों पर खरीदा जा सकता है। यहां पर पहुंचने के लिए येलो लाइन पर चावड़ी बाजार मेट्रो स्टेशन आ सकते हैं। यहां से आप मार्केट को पैदल एक्सप्लोर कर सकते हैं। यहां स्थित लाल कुआं बाजार में आपको थोक के भाव बर्तन मिल सकते हैं।
