Corn Recipes to Try at Home: बारिश का मौसम आते ही बाजारों में ताजे भुट्टे और स्वीट कॉर्न की खूब बिक्री होने लगती है। हल्की बारिश के बीच गर्मागर्म भुट्टा खाने का अपना अलग ही मजा है। यही वजह है कि लोग बारिश के मौसम में कॉर्न से बनी चीजें खाना पसंद करते हैं। ज्यादातर लोग इसे उबालकर, भूनकर या मसाले लगाकर खाना पसंद करते हैं। लेकिन इसका इस्तेमाल आप और भी कई तरीकों से कर सकते हैं।
अगर आप रोज-रोज एक ही तरह से कॉर्न खाकर बोर हो गए हैं, तो इस बार कुछ नई डिशेज ट्राई कर सकते हैं। कॉर्न से नाश्ते के लिए हेल्दी और टेस्टी रेसिपी बनाई जा सकती हैं। वहीं शाम को इससे कई स्नैक्स भी बनाए जा सकते हैं। खासबात यह है कि इन्हें बनाने के लिए आपको ज्यादा सामग्री और समय की जरूरत नहीं पड़ेगी। आइए जानते हैं कॉर्न से बनने वाली स्वादिष्ट और आसान रेसिपीज, जिन्हें आप घर पर ट्राई कर सकते हैं।
कॉर्न पुलाव
बारिश के समय नाश्ते में कुछ अलग और टेस्टी रेसिपी ट्राई करनी है, तो कॉर्न पुलाव बनाया जा सकता है। इसे बनाने के लिए सबसे पहले चावल को उबाल लें। अब कड़ाही में तेल, जीरा, राई, प्याज, हरी मिर्च, गाजर, शिमला मिर्च और कॉर्न डालकर पकाएं। अब इसमें सभी मसाले और पके हुए चावल को डालकर मिक्स करें। इसके बाद गार्निश के लिए बारीक कटा हरा धनिया और नींबू का रस मिलाएं। इस तरह स्वादिष्ट कॉर्न पुलाव तैयार हो जाएगा।
कॉर्न पकोड़े
बारिश के मौसम में गर्मागर्म और स्वादिष्ट पकोड़े हर किसी को पसंद आते हैं। हर बार एक ही तरह के पकोड़े बनाकर बोर हो गए हैं, तो इस बार कॉर्न के पकोड़े ट्राई कर सकते हैं। इसके लिए कॉर्न को कद्दूकस कर लें। अब इसमें बारीक कटा प्याज, हरी मिर्च, हरा धनिया, जीरा, अदरक-लहसुन का पेस्ट, अजवाइन, नमक, हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर और करी पत्ता डालकर अच्छे से मिक्स कर लें। अब इसमें चावल का आटा डालकर अच्छी तरह मिक्स कर लें। अगर बैटर ज्यादा गाढ़ा लगे, तो इसमें थोड़ा पानी मिला सकते हैं। अब इस बैटर से पकोड़े तैयार करें।
कॉर्न कबाब
चाय का स्वाद बढ़ाने के लिए साथ में कॉर्न कबाब परोस सकते हैं। इसे बनाने के लिए आलू और कॉर्न को उबाल कर अच्छी तरह मैश कर लें। अब इसमें आलू, प्याज, हरी मिर्च, अदरक, हरा धनिया और सभी मसालों को मिलाएं। इसमें ब्रेडक्रम्ब्स को अच्छे से मिक्स करें। इस मिश्रण से पसंद के अनुसार गोल कबाब का आकार दें। अब एक नॉन स्किट पैन में कबाब को दोनों तरफ सुनहरा होने तक सेंक लें। इसे आप नाश्ते या शाम को स्नैक्स के तौर पर सर्व कर सकते हैं।
कॉर्न मसाला चाट
चाय के साथ कुछ चटपटा खाने का मन है, तो कॉर्न मसाला चाट एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है। इसे बनाने के लिए सबसे पहले एक पैन में पानी उबाल लें और इसमें स्वीट कॉर्न के दाने और थोड़ा नमक डालें। इसे करीब 5 मिनट पकाएं। अब कॉर्न का पानी निकाल लें। एक कड़ाही में तेल गर्म करें और उसमें कॉर्न को हल्का फ्राई कर लें। अब एक बाउल में कॉर्न को निकाल लें और इसमें चाट मसाला, लाल मिर्च पाउडर, नमक, नींबू का रस, प्याज, टमाटर और हरी मिर्च डालकर अच्छी तरह मिलाएं। इसमें आप ऊपर से बारीक कटा हरा धनिया डाल सकते हैं, जो स्वाद को बढ़ाने का काम करेगा।
कॉर्न सूप
बारिश के मौसम में गर्मागर्म सूप बहुत ही स्वादिष्ट लगता है। इसे बनाने के लिए एक कप कॉर्न लें और इसे दरदरा पीस लें। अब पैन में तेल या घी गर्म करें। इसमें कटा हुआ लहसुन और अपनी पसंदीदा सब्जियां डालकर करीब 2 मिनट तक पकाएं। अब इसमें उबले हुए स्वीट कॉर्न के दाने और दरदरा पिसा हुआ कॉर्न पेस्ट डालें। इसमें 2-3 कप जरूरत के अनुसार पानी और नमक डालें। इसे धीमी आंच पर उबलने दें। सूप को गाढ़ा करने के लिए पानी में घुला हुआ कॉर्नफ्लोर मिक्स करें। इसमें ऊपर से आप काली मिर्च और क्रीमी टेक्सचर देने के लिए चीज भी मिक्स कर सकते हैं।
