Morning Mantra: होली का त्योहार आने वाला है और लोग अभी से ही इसकी तैयारियों में लग गए हैं। दरअसल, होली के मौके पर गुजिया के साथ-साथ और भी तरह-तरह की पारंपरिक मिठाइयां तैयार की जाती हैं। ऐसे में अगर आप घर पर मिठाई बनाने की सोच रहे हैं, तो लौकी की बर्फी कम समय में तैयार कर सकते हैं।
दरअसल, मशहूर शेफ और कुकिंग एक्सपर्ट निशा मधुलिका (Nisha Madhulika) ने अपने यूट्यूब चैनल पर लौकी बर्फी की आसान रेसिपी साझा की है, जिसे आप घर पर भी आसानी से तैयार कर सकते हैं। लौकी से बनी यह मिठाई स्वादिष्ट होने के साथ-साथ हल्की और पौष्टिक भी होती है।
लौकी की बर्फी बनाने की सामग्री
1 किलो लौकी
डेढ़ कप चीनी
250 ग्राम मावा
एक चौथाई कप घी
आधा कप काजू
7-8 बादाम
6-7 हरी इलायची
घर पर कैसे बनाएं लौकी की बर्फी?
स्टेप-1
लौकी की बर्फी बनाने के लिए सबसे पहले लौकी को छीलकर बड़े टुकड़ों में काट लें और फिर कद्दूकस कर लें। कद्दूकस की हुई लौकी से अतिरिक्त पानी निकाल लें।
स्टेप-2
अब कढ़ाही में कद्दूकस की हुई लौकी डालें और उसमें दो चम्मच घी मिलाएं। इसे मध्यम आंच पर ढककर करीब 7-8 मिनट तक पकाएं। जब लौकी थोड़ी नरम हो जाए, तब इसमें चीनी डालकर अच्छी तरह मिलाएं और फिर कुछ मिनट तक पकाएं। चीनी डालने के बाद लौकी से पानी निकलता है, जिसे तेज आंच पर लगातार चलाते हुए सुखा लें।
स्टेप-3
जब पानी पूरी तरह सूख जाए, तब बचा हुआ घी डालकर थोड़ा भून लें। इसके बाद इसमें कद्दूकस किया हुआ मावा मिलाकर लगातार चलाते हुए पकाएं, जिससे मिश्रण गाढ़ा हो जाए। अब इसमें कटे हुए काजू और कूटी हुई इलायची डालकर अच्छी तरह मिला लें।
स्टेप-4
तैयार मिश्रण को पहले से घी लगी हुई थाली या प्लेट में समान रूप से फैला दें और ऊपर से बादाम के टुकड़े छिड़क दें। इसे सेट होने के लिए रख दें। जब यह पूरी तरह सेट हो जाए, तो मनचाहे आकार में काट लें।
