सुबह के समय नाश्ते में अक्सर लोग ओट्स का भी सेवन करते हैं। ज्यादातर लोग इसे दूध में डालकर खाना पसंद करते हैं। ओट्स फाइबर, प्रोटीन और अन्य कई जरूरी विटामिन व मिनरल्स से भरपूर होता है। इसमें मौजूद फाइबर पेट को लंबे समय तक भरा रखने में मदद करता है, जिससे बार-बार भूख नहीं लगती और वजन नियंत्रित रखने में मदद मिलती है। यही वजह है कि वजन कम करने के लिए ओट्स के सेवन की सलाह दी जाती है। हालांकि, कई बार एक ही तरह का ओट्स खाकर मन ऊब जाता है। ऐसे में आप इससे कई स्वादिष्ट, हेल्दी और आसानी से बनने वाली रेसिपी तैयार कर सकते हैं।
सुबह के समय नाश्ते में अगर कुछ क्रिस्पी खाने का मन करे तो आप ओट्स और सूजी का क्रिस्पी चीला बना सकते हैं। यह झटपट तैयार होने वाली हेल्दी रेसिपी में से एक है।
ओट्स और सूजी चीला के लिए सामग्री
1 कप ओट्स पाउडर
2 बड़े चम्मच सूजी
1 बड़ा चम्मच बेसन (वैकल्पिक, बेहतर बाइंडिंग के लिए)
1 छोटा प्याज (बारीक कटा)
1 छोटा टमाटर (बारीक कटा)
1 हरी मिर्च (बारीक कटी)
2 बड़े चम्मच हरा धनिया
1/4 चम्मच हल्दी
1/4 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर (वैकल्पिक)
स्वादानुसार नमक
जरूरत के अनुसार पानी
1-2 छोटे चम्मच ऑलिव ऑयल या घी
क्रिस्पी ओट्स और सूजी चिला बनाने की आसान विधि
ओट्स पाउडर, सूजी, बेसन और सभी मसालों को एक साथ अच्छे से मिला लें। अब इसमें सारी सब्जियां डालकर पानी डालते हुए गाढ़ा बैटर तैयार कर लें और 10 मिनट के लिए रख दें। इसके बाद तवा गर्म करें और हल्का तेल लगाएं। इसपर बैटर फैलाकर दोनों तरफ से अच्छी तरह सुनहरा और क्रिस्पी होने तक सेंक लें। इसे आप हरी चटनी या दही के साथ परोस सकते हैं।
मसालेदार ओट्स उपमा
सामग्री
1 कप रोल्ड ओट्स
1 छोटा चम्मच तेल
आधा छोटा चम्मच राई
8-10 कढ़ी पत्ता
1 बारीक कटी हरी मिर्च
1 बारीक कटा प्याज
1/4 कप गाजर (बारीक कटी)
1/4 कप मटर
1/4 कप बीन्स
स्वादानुसार नमक
2 कप पानी
1 छोटा चम्मच नींबू का रस
सजाने के लिए हरा धनिया
मसालेदार ओटेस उपमा बनाने की आसान विधि
ओट्स को 2-3 मिनट सूखा भूनकर अलग रख लें। अब एक पैन में तेल गर्म कर उसमें राई, कढ़ी पत्ता और हरी मिर्च का तड़का लगाएं। इसके बाद प्याज और सब्जियां 2-3 मिनट भूनें। फिर पानी और नमक डालकर उबाल लें। अब भुने हुए ओट्स डालें और 3-4 मिनट धीमी आंच पर पका लें। गैस बंद करके नींबू का रस और हरा धनिया डालें। अब आप इसे गरमागरम परोस सकते हैं।
ओट्स की सॉफ्ट इडली
सामग्री
1 कप ओट्स (भूनकर पाउडर बना लें)
आधा कप सूजी
1 कप दही
जरूरत अनुसार पानी
1/4 कप कद्दूकस की गाजर
2 बड़े चम्मच हरा धनिया
स्वादानुसार नमक
1 छोटा चम्मच ईनो
इडली मोल्ड ग्रीस करने के लिए तेल
ओट्स की सॉफ्ट इडली बनाने की विधि
ओट्स पाउडर, सूजी, दही, नमक और थोड़ा पानी मिलाकर गाढ़ा बैटर तैयार कर लें और इसे 15 मिनट के लिए ढककर रख दें। बैटर में गाजर और हरा धनिया मिलाएं। वहीं, स्टीम करने से ठीक पहले ईनो डालकर हल्के हाथ से मिला दें। इसके बाद इडली स्टैंड में बैटर भरें और 10-12 मिनट तक पकने दें। इसे आप सांभर या नारियल की चटनी के साथ गरमागरम परोस दें।
Also Read
काले चने से बनाएं 3 तरह की डिश, दूसरी वाली जरूर करें ट्राई
