क्या आपके बाल भी बहुत झड़ते हैं, क्या आपको भी हर समय थकान महसूस होती है, चेहरे से चमक गायब हो गई है या फिर पीरियड्स समय पर नहीं आते हैं? तो इन सब परेशानियों से निजात पाने के लिए आप क्या करती हैं? ये ऐसी दिक्कतें हैं जिससे बहुत सारी महिलाएं परेशान रहती हैं। कोई इसे सही करने के लिए डाइट में बदलाव करता है तो कोई सप्लीमेंट्स लेना शुरू कर देता है।
ऐसा ही किया एक महिला ने। उन्होंने 3 महीने तक एक बड़ा चम्मच काले तिल खाए। लेकिन सवाल यह है कि ऐसा करने से उनकी सेहत में क्या बदलाव आया। महिला का दावा है कि ऐसा करने से उन्होंने बालों, एनर्जी और त्वचा में सुधार महसूस किया। क्या इसके पीछे कोई वैज्ञानिक वजह है और क्या काले तिल सच में इतने फायदेमंद हैं? आइए डॉक्टर से समझते हैं।
रोजाना काले तिल खाने से महिला को क्या बदलाव महसूस हुए?
लाइफस्टाइल मेडिसिन डॉक्टर डॉ. श्रेया गर्ग ने सोशल मीडिया पर एक महिला का अनुभव साझा किया। उनके मुताबिक, महिला को बाल झड़ने, कम एनर्जी रहने और त्वचा की चमक कम होने जैसी परेशानियां थीं। उनके ब्लड टेस्ट में हल्की खून की कमी और कैल्शियम का स्तर भी कम पाया गया था।
इसके बाद महिला ने अपनी रोजाना की डाइट में काले तिल शामिल किए। वह करीब 3 महीने तक रोजाना आधा से एक चम्मच काले तिल खाती रहीं। इसके बाद उन्होंने कुछ बदलाव महसूस किए।
बालों का झड़ना पहले के मुकाबले कम हुआ।
शरीर में एनर्जी का स्तर बेहतर महसूस हुआ।
त्वचा पहले से ज्यादा स्वस्थ और चमकदार दिखने लगी।
पीरियड्स का समय पहले से ज्यादा नियमित हुआ।
हालांकि, यह एक महिला का अनुभव है। इससे यह साबित नहीं होता कि काले तिल खाने से हर व्यक्ति को यही फायदे मिलेंगे।
काले तिल में कौन से पोषक तत्व होते हैं?
डॉ. श्रेया गर्ग के मुताबिक, काले तिल में आयरन, कैल्शियम, मैग्नीशियम, हेल्दी फैट्स और एंटीऑक्सीडेंट जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं। ये शरीर के अलग-अलग कामों में मदद करते हैं।
आयरन: शरीर में हीमोग्लोबिन बनाने के लिए आयरन जरूरी होता है। इसकी कमी होने पर थकान, कमजोरी और बाल झड़ने जैसी परेशानियां हो सकती हैं।
कैल्शियम: यह हड्डियों और दांतों को मजबूत रखने के साथ मांसपेशियों के कामकाज में भी मदद करता है।
मैग्नीशियम: यह मांसपेशियों और नसों के सही तरीके से काम करने के लिए जरूरी है।
हेल्दी फैट्स: शरीर को एनर्जी देने और हार्मोन बनाने की प्रक्रिया में फैट्स की अहम भूमिका होती है।
एंटीऑक्सीडेंट: काले तिल में लिग्नन्स जैसे प्लांट कंपाउंड पाए जाते हैं, जो शरीर को ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस से बचाने में मदद कर सकते हैं।
क्या काले तिल खाने से खून की कमी दूर हो सकती है?
इस बारे में जब इंडियन एक्सप्रेस की टीम ने KIMS हॉस्पिटल्स, ठाणे के इंटरनल मेडिसिन कंसल्टेंट डॉ. अनिकेत मुले से बात की तो उन्होंने बताया कि काले तिल में आयरन समेत कई जरूरी पोषक तत्व होते हैं। अगर किसी व्यक्ति के शरीर में आयरन या कैल्शियम की हल्की कमी है तो डाइट में इन पोषक तत्वों से भरपूर चीजें शामिल करने से धीरे-धीरे फायदा मिल सकता है। उन्होंने ये भी बताया कि तिल में नॉन-हीम आयरन होता है। यह आयरन शरीर में उतनी आसानी से अवशोषित नहीं होता, जितना मांसाहारी खाद्य पदार्थों से मिलने वाला हीम आयरन।
डॉक्टर के मुताबिक, अगर किसी व्यक्ति में खानपान की कमी के कारण हल्की आयरन की कमी है तो काले तिल को विटामिन C से भरपूर चीजों के साथ खाने से आयरन के अवशोषण में मदद मिल सकती है।
लेकिन अगर खून की कमी ज्यादा है तो सिर्फ तिल खाने से काम नहीं चलेगा। ऐसी स्थिति में डॉक्टर से जांच करवाना और उनकी सलाह के अनुसार आयरन सप्लीमेंट लेना जरूरी है।
क्या काले तिल खाने से हार्मोन और पीरियड्स पर असर पड़ता है?
कई महिलाओं को पीरियड्स समय पर न आने या अनियमित होने की परेशानी रहती है। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या काले तिल खाने से इस समस्या में राहत मिल सकती है?
डॉ. अनिकेत मुले के मुताबिक, हेल्दी फैट्स और शरीर के लिए जरूरी पोषक तत्व हार्मोन बनाने और उनके सही कामकाज में मदद करते हैं। अगर किसी महिला के पीरियड्स में गड़बड़ी की वजह खानपान में पोषक तत्वों की कमी या तनाव है तो बेहतर डाइट से कुछ मदद मिल सकती है।
पीरियड्स अनियमित होने के पीछे थायरॉइड, PCOS, वजन में बदलाव और दूसरी स्वास्थ्य समस्याएं भी हो सकती हैं। इसलिए सिर्फ काले तिल खाने से पीरियड्स नियमित होने की उम्मीद नहीं करनी चाहिए। समस्या बनी रहती है तो डॉक्टर से जांच करवाना जरूरी है।
रोजाना कितने काले तिल खाने चाहिए?
डॉ. अनिकेत मुले के मुताबिक, ज्यादातर स्वस्थ वयस्कों के लिए रोजाना एक चम्मच काले तिल खाना ठीक हो सकता है। इन्हें हल्का भूनकर या भिगोकर खाया जा सकता है। आप इन्हें अपने रोजाना के खाने में भी शामिल कर सकते हैं।
मात्रा का ध्यान रखना जरूरी है। तिल में कैलोरी और फैट्स अच्छी मात्रा में होते हैं। ज्यादा खाने से वजन बढ़ने या पेट से जुड़ी परेशानी हो सकती है।
इन लोगों को रखनी चाहिए सावधानी
जिन लोगों को तिल से एलर्जी है, उन्हें इनका सेवन बिल्कुल नहीं करना चाहिए।
ज्यादा मात्रा में खाने से पाचन से जुड़ी परेशानी हो सकती है।
अगर आपको खून की कमी या पीरियड्स से जुड़ी समस्या है तो सिर्फ तिल पर निर्भर न रहें।
क्या रोज काले तिल खाने से सच में बदल सकती है सेहत?
डॉक्टरों के मुताबिक, डाइट में छोटे-छोटे बदलाव लंबे समय में सेहत पर अच्छा असर डाल सकते हैं, खासकर तब जब शरीर में पोषक तत्वों की हल्की कमी हो। लेकिन कोई एक चीज खाने से बालों का झड़ना, खून की कमी या हार्मोन से जुड़ी समस्याएं अपने आप ठीक नहीं होतीं।
अच्छी सेहत के लिए संतुलित खानपान, पर्याप्त नींद, नियमित शारीरिक गतिविधि और जरूरत पड़ने पर डॉक्टर की सलाह लेना जरूरी है।
डिस्क्लेमर: यह लेख सार्वजनिक रूप से उपलब्ध जानकारी और विशेषज्ञों की सलाह पर आधारित है। काले तिल किसी बीमारी का इलाज नहीं हैं। खून की कमी, बाल झड़ने या पीरियड्स की अनियमितता जैसी समस्या होने पर डॉक्टर से सलाह लें।
