भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन से 8 गुना अधिक चल संपत्ति की मालकिन हैं उनकी पत्नी, जानिए किसके पास है कितनी प्रॉपर्टी
शाहनवाज़ हुसैन की पत्नी रेणु हुसैन के पास उनसे 8 गुना अधिक चल संपत्ति है। हालांकि अचल संपत्ति के मामले में शाहनवाज़ अपनी पत्नी से ज्यादा धनी हैं।

बिहार में विधान परिषद की रिक्त दो सीटों के लिए उपचुनाव होने हैं। भाजपा की तरफ से पार्टी का उम्मीदवार पूर्व केंद्रीय मंत्री शाहनवाज़ हुसैन को बनाया गया है जिनका निर्विरोध निर्वाचित होना तय माना जा रहा है। सोमवार को शाहनवाज़ हुसैन ने अपना नामांकन दाखिल किया जिसमें उन्होंने अपनी चल और अचल संपत्ति का भी ब्योरा दिया हैं। शाहनवाज हुसैन द्वारा दिए गए संपत्ति के ब्यौरे के हिसाब से देखें तो उनकी पत्नी रेणु हुसैन के पास उनसे अधिक चल संपत्ति है।
रेणु हुसैन के पास अपने पति से 8 गुना अधिक चल संपत्ति है। शाहनवाज हुसैन के पास जहां 22. 78 लाख की चल संपत्ति है तो वहीं उनकी पत्नी के पास 1.92 करोड़ की चल संपत्ति है। इसमें 37 लाख रुपए के आभूषण भी शामिल हैं। हालांकि अचल संपत्ति के हिसाब से देखें तो शाहनवाज़ इस मामले में अधिक धनी हैं। शाहनवाज हुसैन के पास 3 करोड़ 70 लाख रुपए की अचल संपत्ति है। जिसमें गाजियाबाद और नोएडा के दो फ्लैट्स शामिल हैं। दोनों फ्लैट की कीमत क्रमशः डेढ़ और दो करोड़ बताई जाती है।
शाहनवाज हुसैन के पास 2006 मॉडल की एक अंबेडेसर कार है। शाहनवाज़ हुसैन के ऊपर एक करोड़ सात लाख का लोन भी है। दोनों पति- पत्नी के वार्षिक आय की बात करें तो, वित्त वर्ष 2019-20 में आयकर रिटर्न में यह बताया गया गई कि शाहनवाज़ हुसैन की उस वर्ष की कुल आय 4.2 लाख और उनकी पत्नी की आय 13. 81 लाख है। दोनों के पास कृषि अथवा ग़ैर कृषि भूमि नहीं है।
शाहनवाज़ हुसैन और रेणु हुसैन की शादी के बात करें तो, शाहनवाज हुसैन रेणु को देखकर उन्हें दिल दे बैठे थे। दोनों एक ही बस से कॉलेज जाते थे लेकिन रेणु धर्म अलग होने को लेकर रिश्ते को आगे बढ़ाने से मना करती रहीं। शाहनवाज़ उनसे शादी करना चाहते थे लेकिन रेणु ने 9 साल तक हां नहीं की। 9 साल के बाद आख़िरकार बात बनीं और शाहनवाज़, रेणु की शादी हो गई। कहा जाता है कि दोनों की शादी में उमा भारती ने महत्वपूर्ण भूमिका थी। उन्होंने ही दोनों परिवारों को कन्विंस किया था। इस दंपत्ति के दो बेटे हैं।