कई बार हमारे साथ ऐसा होता है कि हमें ऑफिस या किसी खास फंक्शन के लिए जल्दी में निकलना हो और लाइट चली जाए या फिर प्रेस काम करना बंद कर दें। ऐसे में कपड़ों पर सिलवटें (रिंकल्स) हटाने के लिए आप कुछ स्मार्ट ट्रिक्स अपना सकते हैं। जी हां, बिना आयरन किए भी कपड़ों से सिलवटें हटाई जा सकती हैं। जब हम अच्छे से आयरन किए हुए कपड़े पहनते हैं, तो न सिर्फ हम अट्रैक्टिव दिखते हैं। बल्कि इससे हमारी पर्सनालिटी में भी निखार आता है।

कपड़ों पर ज्यादा सिलवटें न पड़ें इसके लिए हमें कुछ बातों का ध्यान रखना चाहिए। कपड़े के नेचर के हिसाब से ही डिटर्जेंट का चुनाव करें। इससे कपड़े की फैब्रिक खराब होने का खतरा कम रहता है। साथ ही वाशिंग मशीन में एक साथ कई कपड़े धोने से बचें। इससे भी कपड़ों की फैब्रिक को नुकसान पहुंच सकता है। जब भी कपड़े धोएं उसके बाद कपड़ों को अच्छे से झटककर और सीधा करके हैंगर पर टांगें। ऐसा करने से सूखते समय ही सिलवटें कम पड़ती हैं और बाद में मेहनत नहीं करनी पड़ती है।

हेयर ड्रायर

अगर आपकी प्रेस काम नहीं कर रही है तो कपड़ों से सिलवटें हटाने के लिए आप हेयर ड्रायर का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसे इस्तेमाल करने के लिए सबसे पहले रिंकल्स वाली जगह पर थोड़ा पानी स्प्रे करें। इसके बाद हेयर ड्रायर से गर्म हवा दें। इस तरह से आप सिलवटों को धीरे-धीरे हटा पाएंगे।

मैट्रेस का प्रेशर

यह कपड़ों से सिलवटें हटाने का काफी पुराना तरीका है। इसके लिए कपड़े को सीधा फैलाकर मैट्रेस के नीचे 20-30 मिनट के लिए दबा दें। कपड़े गंदे न हो इसके लिए आप उसके ऊपर कोई पतला दुपट्टा भी रख सकते हैं। वजन के कारण कपड़ों की सिलवटें काफी हद तक निकल जाती हैं।

रिंकल रिमूविंग स्प्रे

मार्केट में कई तरह के रिंकल रिमूविंग स्प्रे भी आते हैं। रिंकल रिमूविंग काफी आसान तरीका है। इससे बेहद कम समय में आप कपड़ों को तरोताजा और फ्रेश बना सकते हैं।

पानी और सिरके का स्प्रे

अगर आपके पास रिंकल रिमूविंग स्प्रे नहीं है तो आप घर में भी इसे तैयार कर सकते हैं। कपड़ों को धोते समय पानी में थोड़ा सा सफेद सिरका मिलाएं। ऐसा करने से कपड़ों को नर्म रखने मदद मिलती है। आप एक स्प्रे बोतल में पानी और सिरका को मिलाकर कपड़ों पर हल्का स्प्रे करके हैंगर पर टांग दें। इससे भी सिलवटें कम करने हेल्प मिलेगी। साथ ही कपड़ों की बदबू भी दूर होगी।

केतली या ब्लोअर ड्रायर

प्रेस खराब होने पर आप गर्म पानी से भारी केतली से भी कपड़ों की सिलवटें हटा सकते हैं। केतली को कपड़ों पर फिराने से उसकी सिलवटें आसानी से हटाई जा सकती हैं। इसके अलावा ब्लोअर ड्रायर का इस्तेमाल करके भी कपड़ों की सिलवटें हटाई जा सकती हैं।