आजकल लोग अपने घरों की सजावट को लेकर ज्यादा जागरूक हो रहे हैं। इससे भी जरूरी बात यह है कि वहां रहने पर उन्हें कैसा महसूस होता है। यही वजह है कि घर के अंदर रखे जाने वाले बड़े पौधों में लोगों की दिलचस्पी बढ़ रही है। ये पौधे घर के अंदर एक अपनापन और खास अहसास जोड़ते हैं। साथ ही प्रकृति से जुड़ाव का भी अनुभव कराते हैं। खासकर बड़े पत्तों वाले पौधे घर की सजावट में एक शानदार प्रभाव डालते हैं। जिन घरों में बाहर खुली जगह की कमी होती है, वहां पर ये हरियाली का स्पर्श जोड़ते हैं।
बड़े पत्तों वाले पौधों का लौटता ट्रेंड
घर खरीदते समय लोग अब अपनी प्राथमिकताओं में बदलाव ला रहे हैं। हालांकि कार्पेट एरिया और लोकेशन मायने रखते हैं, लेकिन खरीदार अब इस बात पर ज्यादा जोर दे रहे हैं कि उस जगह पर रोजमर्रा का जीवन कैसा होगा। इस विषय पर इंडियन एक्सप्रेस ने हाउस ऑफ स्वामिराज के मैनेजिंग डायरेक्टर जैसन सैमुअल (Jason Samuel) से बातचीत की। उन्होंने बताया कि घर में एक अच्छी बालकनी, प्राकृतिक रोशनी, वेंटिलेशन और कमरे में हरियाली काफी बदलाव ला सकते हैं। ये छोटी-छोटी चीजें हैं लेकिन समय के साथ ये चीजें इस बात पर असर डालती हैं कि कोई घर कितना आरामदायक लग सकता है।
घर पर पौधे या छोटी-मोटी चीजों को रखने के पीछे का मकसद ऐसा घर बनाना है, जो लोगों के असल रहन-सहन के तरीके के अनुकूल हो। न कि सिर्फ तय मानकों या स्पेसिफिकेशन्स के आधार पर डिजाइन किए गए हों। जैसन के अनुसार बड़े पत्तों वाले पौधों की वापसी सिर्फ किसी सजावट के ट्रेंड को अपनाने के बारे में नहीं है। बल्कि यह ऐसे घरों के लिए एक स्वाभाविक पसंद को दर्शाता है, जो ज्यादा खुले, सुकून भरे और प्रकृति से जुड़े हुए महसूस होते हैं।

घर को बड़े पत्तों वाले पौधे से सजाने का तरीका
इंटीरियर स्टाइलिस्ट और होम डेकोरेटर की फाउंडर रुबीना सिंह ने कुछ टिप्स शेयर की हैं। इनकी मदद से आप घर पर बड़े पत्तों वाले पौधों को सजावट के लिए सही तरीके से रख सकते हैं।
सबसे पहले शुरुआत खाली कॉर्नर से करें। बड़े पत्तों वाले पौधे को घर की किसी ऐसी जगह पर रखें जो खाली और सूनी लग रही हो या सोफे के बगल में रख सकते हैं। फर्नीचर या खिड़की के साइड में भी इसे रख सकते हैं।
गमले को जितना सिंपल रखेंगे, सजावट उतनी ज्यादा खूबसूरत लग सकती है। टेराकोटा, स्टोन या नेचुरल टेक्सचर वाले गमलों का भी इस्तेमाल किया जा सकता है। इससे पत्तियां मुख्य आकर्षण बनी रह सकती हैं।
इस तरह के पौधे रखते समय चीजों के आकार का ध्यान रखें। अगर एक छोटी कुर्सी के बगल में बहुत बड़ा पौधा रख देंगे, तो यह कुछ ज्यादा भारी-भरकम लग सकता है। इसलिए बड़े पौधों को सोफा, बड़ी कंसोल टेबल या डाइनिंग टेबल के पास रखें।
फर्नीचर और बड़े पत्तों वाले पौधे के बीच जगह रखें। आसपास छोड़ी गई कुछ जगह सजावट को आकर्षक बना सकती है।
