कुछ लोगों को टिंडे की सादी सब्जी अच्छी नहीं लगती है, ऐसे में उनके लिए भरवां टिंडे एक बेहतर विकल्प हो सकता है। प्याज-लहसुन और मसालों के भरवां मिश्रण से इसका स्वाद मजेदार हो जाता है। टिंडे में फाइबर, विटामिन सी और एंटीआक्सीडेंट की भरपूर मात्रा होती है, इसलिए यह सेहत के लिए भी फायदेमंद होता है।
भरवां टिंडे बनाने की सामग्री
टिंडे: 500 ग्राम
प्याज: दो
लहसुन: सात-आठ कलियां
अदरक: एक इंच
लाल मिर्च पाउडर: एक चम्मच
हल्दी: आधा चम्मच
सौंफ पाउडर: आधा चम्मच
धनिया पाउडर: एक चम्मच
चाट मसाला: एक चम्मच
टमाटर: दो
नमक
भरवां टिंडे बनाने की विधि
- टिंडे को धोकर इसके बाहर की सख्त परत को निकाल दें। इस बीच प्याज, लहसुन, अदरक और हरा धनिया काटकर उसे सिल-बट्टे पर पीस लें। फिर एक कड़ाही में तेल गर्म करके उसमें जीरा हल्का सा भून लें।
- इसके बाद प्याज, लहसुन, अदरक का मिश्रण इसमें डालें। साथ ही थोड़ा सा नमक, कसूरी मेथी, लाल मिर्च पाउडर, सौंफ पाउडर और और गरम मसाला पाउडर भी इसमें डाल दें। इसे करीब दो मिनट तक धीमी आंच पर पकाएं और फिर ठंडा होने के लिए रख दें।
- इसके बाद एक-एक करके छूरी की मदद से टिंडे के अंदर के भाग का थोडा सा हिस्सा निकाल कर जगह बना लें। अब भूने हुए मिश्रण को टिंडे में भर दें। इसके बाद कड़ाही में फिर से जीरा और साबूत मिर्च भूनकर इसमें कटे हुए टमाटर डाल दें।
- जब टमाटर घुल जाएं, तो सभी टिंडे उसमें रख दें और हल्का सा पानी तथा चाट मसाला डालकर कड़ाही का ढक्कन बंद कर दें। इसे तब तक पकाएं, जब तक टिंडे पक न जाए। इसे गरमागरम चपाती या परांठे के साथ परोसें।
