करेला स्वाद में भले ही कड़वा होता है, लेकिन सेहत के लिए यह बेहद ही फायदेमंद होता है। कड़वा होने के चलते काफी लोग करेला खाने से बचते हैं। खासकर बच्चे इसे खाने से मुंह बनाने लगते हैं। लेकिन करेले को सही तरीके से तैयार किया जाए और इसमें कुछ खास मसाले डाले जाएं तो इसका कड़वापन काफी हद तक कम किया जा सकता है। भारतीय घरों में करेले की कई तरह की सब्जी बनाई जाती है, जिसमें से एक भरवा करेला है। इसमें करेले के अंदर मसालेदार स्टफिंग भरकर धीमी आंच पर पकाया जाता है।

भरवा करेले में प्याज, सौंफ, धनिया, लाल मिर्च और अन्य मसाले मिलाए जाते हैं, जो करेले की कड़वाहट को संतुलित कर उसे स्वादिष्ट बनाने में मदद करते हैं। आइए जानते हैं भरवा करेला बनाने की आसान विधि।

भरवा करेला बनाने के लिए सामग्री

6-8 मध्यम आकार के करेले
2 बड़े प्याज (बारीक कटे या कद्दूकस किए हुए)
1 कच्ची अमिया (कद्दूकस की हुई) या एक बड़ा चम्मच अमचूर पाउडर
2 बड़े चम्मच सरसों का तेल
1 छोटा चम्मच सौंफ पाउडर
आधा छोटा चम्मच धनिया पाउडर
1/4 छोटा चम्मच हल्दी पाउडर
आधा छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
स्वादानुसार नमक
2 बड़े चम्मच नींबू का रस
जरूरत अनुसार सफेद धागा (वैकल्पिक)

भरवा करेला बनाने की विधि

कड़वाहट कम करने का तरीका

सबसे पहले करेलों को अच्छी तरह धोकर सूखे कपड़े से पोंछ लें। इसके बाद हल्के हाथों से उनका छिलका उतार लें। अब हर करेले के बीच में लंबाई की तरफ चीरा लगाएं और अंदर के बीज निकाल लें। अब करेलों पर अच्छी तरह नमक और 2 बड़े चम्मच नींबू का रस लगाकर लगभग 30 मिनट के लिए रख दें। इससे करेले की कड़वाहट काफी हद तक निकल जाती है। इसके बाद करेलों को साफ पानी से धो लें और हल्के हाथों से दबाकर अतिरिक्त पानी निकाल दें।

अब एक पैन में 2 बड़े चम्मच सरसों का तेल गर्म करें। जब तेल हल्का धुआं छोड़ने लगे, तो आंच धीमी कर दें और उसमें बारीक कटा या कद्दूकस किया हुआ प्याज डालकर सुनहरा होने तक भून लें। अब इसमें अमिया डालें और 2-3 मिनट तक पकाएं। इसके बाद सौंफ पाउडर, धनिया पाउडर, हल्दी, लाल मिर्च और नमक मिलाकर मसाले को 2-3 मिनट तक पका लें और फिर गैस बंद कर ठंडा होने दें।

मसाला हल्का ठंडा हो जाए, तो मसाले को हर करेले के अंदर अच्छी तरह भर दें। चीरा बड़ा हो और मसाला बाहर निकलने की संभावना हो, तो सफेद धागे से करेलों को हल्का सा बांध दें। छोटे चीरे में धागे की जरूरत नहीं पड़ती। अब एक फ्लैट तले वाली लोहे की कड़ाही या नॉन-स्टिक पैन में थोड़ा सरसों का तेल गर्म करें। तेल गर्म होने के बाद करेलों को कड़ाही में रख दें और ढक्कन लगाकर धीमी आंच पर 8-10 मिनट तक पकने दें।

करेले को बीच-बीच में पलटते रहें और लगभग 20-25 मिनट तक धीमी आंच पर पकाएं। जब ये तैयार हो जाए तो इसे आप गरमागरम रोटी, पराठे या दाल चावल के साथ परोस सरते हैं।

Also Read
चावल के आटे से बनाएं 3 तरह के फेस पैक, ऐसे करें इस्तेमाल