अदरक और हरी मिर्च का पेस्ट करीब-करीब हर रेसिपी में उपयोग किया जाता है। खासकर सब्जी, दाल, ग्रेवी या चटनी में इसे डाला ही जाता है। हालांकि, रोज-रोज छीलने और पीसने की झंझट से बचने के लिए लोग इसे पहले से बनाकर रख लेते हैं।
वहीं, कई बार सही तरीके से स्टोर नहीं करने के कारण यह पेस्ट जल्दी खराब हो जाता है और इससे बदबू भी आने लगती है। ऐसे में आप कुछ बातों का ध्यान रखकर इसे लंबे समय तक ताजा और फ्रेश रख सकते हैं।
एयरटाइट कंटेनर में करें स्टोर
पेस्ट तैयार करने के बाद इसे साफ और सूखे एयरटाइट डिब्बे में भरें। हवा लगने से पेस्ट जल्दी खराब होता है और उसका स्वाद भी बदल जाता है। कंटेनर को हमेशा फ्रिज में रखना चाहिए। इस तरीके से पेस्ट करीब एक सप्ताह तक आराम से चल सकता है।
तेल और नमक मिलाएं
अदरक और हरी मिर्च के पेस्ट को स्टोर करने से पहले आप इसमें थोड़ा-सा नमक और ऊपर से पतली परत में सरसों या रिफाइंड तेल मिलाएं। दरअसल, तेल हवा को अंदर जाने से रोकता है और नमक प्रिजर्वेटिव की तरह काम करता है। इससे पेस्ट की शेल्फ लाइफ बढ़ जाती है।
आइस क्यूब ट्रे में फ्रीज करें
अगर आप लंबे समय तक स्टोर करना चाहते हैं, तो पेस्ट को आइस ट्रे में भरकर फ्रीजर में जमा दें। जब क्यूब्स तैयार हो जाएं, तो उन्हें निकालकर जिप पाउच में रख लें। अगर किसी रेसिपी में डालना हो, तो एक-दो क्यूब निकालें और इस्तेमाल करें। इससे पेस्ट महीनों तक सुरक्षित रह सकता है।
सूखे चम्मच का करें उपयोग
कई बार लोग पेस्ट निकालने के लिए गीले चम्मच का उपयोग करते हैं। इससे बैक्टीरिया पनप सकते हैं, जिससे पेस्ट जल्दी खराब हो सकता है। ऐसे में अदरक और हरी मिर्च का पेस्ट निकालने के लिए हमेशा साफ और सूखे चम्मच का ही उपयोग करना बेहतर रहता है। पेस्ट निकालने के बाद इसे तुरंत फ्रिज में रख दें।
