घर में पानी को स्टोर करने के लिए छत पर बड़ी-बड़ी टंकियां लगाई जाती हैं। हालांकि, कई बार लंबे समय तक इसमें पानी भरा रहने के कारण यह गंदी हो जाती है, जिसमें बैक्टीरिया पनप जाते हैं। इससे कई तरह की बीमारियों का खतरा बना रहता है।
गंदगी, काई, जंग या बैक्टीरिया पनपने से बचने के लिए पानी की टंकी को समय-समय पर साफ करना बहुत जरूरी होता है। ऐसे में सही तरीके से सफाई करने पर आप बिना ज्यादा मेहनत के पानी को साफ रख सकते हैं।
पानी की सप्लाई करें बंद
टंकी की सफाई करने से पहले पानी की सप्लाई बंद करना जरूरी है। इसके बाद टंकी को पूरी तरह से खाली कर लें। फिर अंदर जमी गंदगी, मिट्टी या काई को ब्रश या स्क्रबर की मदद से अच्छी तरह रगड़कर साफ करें। इस दौरान कोनों और दीवारों को सही से क्लीन करें।
हल्के ब्लीच का करें उपयोग
कई बार टंकी इतनी गंदी हो जाती है कि उसे नॉर्मल तरीके से क्लीन करना मुश्किल होता है। ऐसे में आप हल्के डिसइंफेक्टेंट या किसी ब्लीच का उपयोग कर सकते हैं। ब्लीच को पानी में मिलाकर टंकी की दीवारों और तल पर डालें। कुछ समय तक छोड़ने के बाद ब्रश या स्क्रबर से टंकी को साफ कर लें। हालांकि, डिसइंफेक्टेंट या ब्लीच के उपयोग के बाद टंकी को दो-तीन बार साफ पानी से अच्छी तरह धो लें, ताकि केमिकल पूरी तरह साफ हो जाए।
टंकी की सफाई के दौरान बरतें ये सावधानियां
टंकी की सफाई करते समय हाथों में ग्लव्स जरूर पहनें। कई बार टंकी बहुत बड़ी होती है, ऐसे में उसके अंदर सावधानी से उतरें। सफाई के बाद टंकी का ढक्कन हमेशा बंद रखें, जिससे पानी में धूल, पत्ते या कीड़े नहीं पड़ें।
