कब्ज की परेशानी ना सिर्फ डेली रूटीन में बाधा डालती है बल्कि सेहत पर भी नकारात्मक प्रभाव डालती है। कब्ज होने के कई कारण हैं जैसे गतिहीन जीवनशैली, अनहेल्दी फूड, तनाव और नींद की कमी कब्ज के मुख्य कारण हैं। कब्ज की परेशानी चाहे क्रॉनिक हो या फिर कुछ समय से हो सभी तरह के कब्ज के लिए तुरंत ही इलाज करने की जरूरत होती है।
आयुर्वेदिक विशेषज्ञ डॉ दीक्सा भावसार ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट साझा किया है जिसमें बताया है कि यदि आप रोजाना स्टूल पास नहीं करते या स्टूल पास करने में दिक्कत होती है तो समझ जाइए कि आपकी बॉडी में कुछ गड़बड़ चल रहा है। आप भी कब्ज से परेशान हैं तो कुछ फूड आपकी मुश्किलों को बढ़ा सकते हैं। आइए एक्सपर्ट से जानते हैं कि किन फूड्स से परहेज करके कब्ज की समस्या का उपचार कर सकते हैं।
जीरा से परहेज करें: आयुर्वेद में जीरा का सेवन काफी प्रभावी माना जाता है। जीरा का सेवन करने से पाचन दुरुस्त रहता है। जीरा का सेवन भूख, दस्त, आईबीएस ((Irritable bowel syndrome) के लिए अद्भुत है, लेकिन कब्ज के लिए इसका सेवन करना ठीक नहीं है। एक्सपर्ट ने बताया है कि आप हर चीज के लिए जीरा का प्रयोग करें, लेकिन कब्ज होने पर जीरे से परहेज करें।
दही: दही हमारे खाने की थाली का अहम हिस्सा है जिसकी तासीर गर्म होती है। दही का सेवन करने पर इसे आसानी से पचाया नहीं जाता। ये पचाने में भारी होती है इसलिए इससे कब्ज की शिकायत हो सकती है। अगर आप कब्ज के शिकार हैं तो दही का सेवन करने से परहेज करें वरना आपकी परेशानी बढ़ सकती है।
कैफीन का सेवन बढ़ा सकता है कब्ज: हम सभी मानते हैं कि कैफीन हमारे पाचन तंत्र में मांसपेशियों को स्टिम्यलेट कर सकता है और स्टूल पास करने में आसानी कर सकता है। लेकिन अत्यधिक कैफीन डीहाइड्रेशन का कारण बनता है, जो हमारी बॉडी पर विपरीत प्रभाव दे सकता है।
कैफीन का अधिक सेवन हमें कब्ज का शिकार बना सकता है। यदि आपको कब्ज़ की परेशानी है, तो इसका सेवन करने से बचें। एक्सपर्ट ने बताया है कि दिन की शुरूआत चाय कॉफी से करने से परहेज करें। चाय-कॉफी का सेवन आपको कब्ज की बीमारी का शिकार बना सकता है। आप अपने दिन की शुरुआत गर्म पानी या 1 टेबलस्पून गाय के घी से करें, खासकर अगर आपको कब्ज है।