होली के मौके पर रंग खेलने के बाद कुछ चटपटा खाने का मन करता है। लेकिन कम समय के चलते लोग घर पर बनाने के बजाए बाहर खाना पसंद करते हैं। लेकिन कुछ ऐसे स्नैक्स हैं जिन्हें आप फटाफट घर पर ही तैयार कर सकते हैं। आइए जानते हैं उन 7 स्वादिष्ट स्नैक्स के बारे में, जिन्हें आप कम समय में बना सकते हैं।
ब्रेड दही वड़ा
अगर आपके पास समय नहीं है तो ब्रेड दही वड़ा बना सकते हैं। इसके लिए ब्रेड के किनारों को काटकर हल्का सा पानी लगाकर गोल आकार दे दें। इसमें किशमिस भर दें और फिर फेंटी हुई दही, मीठी चटनी, हरी चटनी और भुना जीरा डालकर परोस सकते हैं।
पोहा चिवड़ा
होली के मौके पर अगर आपका चटपटा खाने के मन कर रहा है, तो पोहा चिवड़ा बना सकते हैं। इसके लिए पोहे को भूनकर उसमें मूंगफली, कढ़ी पत्ता, राई और चाट मसाला मिला कर सर्व कर सकते हैं।
रोस्टेड मसाला मखाना
रंग खेल कर आने के बाद या फिर शाम को जब मेहमान आए तो उन्हें रोस्टेड मसाला मखाना सर्व कर सकते हैं। इसके लिए देशी घी में मखानों को क्रिस्पी होने तक भून लें और ऊपर से काला नमक, काली मिर्च और चाट मसाला छिड़क दें। ये सबसे कम समय में तैयार होने वाला स्नैक है।
भेलपूरी
होली के दिन कम समय में बनने वाले चटपटे स्नैक्स में से एक भेलपूरी भी है। इसे बनाने के लिए मुरमुरे, बारीक कटा प्याज, टमाटर, उबला आलू, हरी मिर्च, चाट मसाला और इमली की चटनी को एक साथ मिक्स कर लें। अब इसे आप सर्व कर सकते हैं।
रोस्टेड मसाला काजू
होली के मौके पर घर पर झटपट रोस्टेड मसाला काजू भी बना सकते हैं। इसके लिए एक कड़ाही में थोड़ा सा घी डालकर गर्म कर लें और फिर इसमें काजू भून लें। ऊपर से लाल मिर्च पाउडर, अमचूर और नमक डाल दें। अब इसे सर्व कर सकते हैं।
क्रिस्पी कॉर्न चाट
होली के मौके पर कम समय में क्रिस्पी कॉर्न चाट भी बना सकते हैं। इसके लिए स्वीट कॉर्न को हल्का सा उबाल लें। इसके बाद उसमें थोड़ा सा कॉर्नफ्लोर मिलाकर कुरकुरा होने तक फ्राई कर लें। अब इसमें बारीक कटा प्याज, हरी मिर्च, धनिया और नींबू का रस मिलाकर सर्व कर सकते हैं।
पनीर पकौड़ा
होली के मौके पर शाम को जब मेहमान घर आते हैं तो इस वक्त मीठे पकवानों के साथ चटपटे व्यंजन भी परोसे जाते हैं। ऐसे में इसे मौके पर आप घर पर फटाफट गर्मागर्म मिनी पनीर पकौड़े ट्राई कर सकते हैं। सबसे पहले बेसन को पानी में मिलाकर घोल तैयार कर लें, अब उसमें पनीर के छोटे-छोटे टुकड़े डिप करके कड़ाही में डालकर फ्राई कर लें। मिनी पनीर पकौड़ा को हरी चटनी के साथ सर्व कर सकते हैं।
Also Read
होली सेलिब्रेशन के लिए झटपट बनाएं चार शानदार ड्रिंक्स
