Rajasthani Thopa Recipe: सुबह के समय कई लोगों को स्कूल, कॉलेज और ऑफिस जाने की जल्दी रहती है। ऐसे में हम कुछ ऐसा खाने के बारे में सोचते हैं जो जल्दी और आसानी से बनाया जा सके। इसके लिए थोपा एक बेहतरीन विकल्प साबित हो सकता है जो बेसन से तैयार किया जाता है। अगर आपके पास सीमित सामग्री है और आप झटपट नाश्ता तैयार करना चाहते हैं, तो सिर्फ बेसन और कुछ मसालों की मदद से इसे तैयार किया जा सकता है। राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में इस स्नैक को पारंपरिक तौर पर नाश्ते या हल्की भूख में खाना पसंद किया जाता है।

बेसन का थोपा को कई जगहों पर पितौड़ (पितोड) और बेसन की कतली के नाम से भी जाना जाता है। इसे आप चाय के साथ स्नैक के तौर पर खा सकते हैं जो बहुत कम तेल में बनकर तैयार हो जाता है। राजस्थान में बेसन के थोपा से सब्जी भी बनाई जाती है जो बहुत ही स्वादिष्ट होती है।

थोपा बनाने की सामग्री

बेसन- 1 कप
हरी मिर्च- 2 कटी हुई
हल्दी पाउडर- एक चुटकी
लाल मिर्च पाउडर- 1/4 चम्मच
नमक- स्वादानुसार
हींग- चुटकी भर
जीरा- 1 छोटा चम्मच
तेल- 1 चम्मच
हरा धनिया- कटा हुआ

थोपा बनाने का तरीका

बेसन का थोपा बनाने के लिए सबसे पहले इसका घोल तैयार करना होगा। इसके लिए एक बाउल में बेसन, हींग, हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर और नमक डालें। अब इसमें पानी डालकर पतला सा घोल तैयार कर लें। घोल में धीरे-धीरे पानी डालें ताकि इसमें गांठ न पड़े।

अब कढ़ाई में तेल गरम करने के लिए रखें। जब तेल गरम हो जाए तो इसमें जीरा और हरी मिर्च डालें। इसके बाद बेसन से तैयार किया हुआ पतला घोल डालें। इसे चम्मच की मदद से चलाते रहें। धीमी आंच पर इसे पकने दें और चम्मच से लगातार घोल को चलाते रहें जिससे सतह पर बेसन चिपकेगा नहीं। अब धीरे-धीरे घोल गाढ़ा होने लगेगा। गार्निशिंग के लिए ऊपर से बारीक कटा हरा धनिया डाल सकते हैं।

अब गैस बंद कर दें और किसी पलेट में इसे निकालकर समान रूप से फैला दें। जब यह थोड़ा ठंडा हो जाए तो इसे बर्फी की तरह टुकड़ों में काट लें। इसे गरम-गरम चटनी और चाय के साथ सर्व कर सकते हैं। कुछ लोग इसे सूखा ही खाना पसंद करते हैं तो कुछ इसे ग्रैवी में डालकर सब्जी के रूप में खाते हैं।