सर्दियों का मौसम आते ही बाजार में अमरूद की बहार आ जाती है। मीठा और हल्का खट्टा स्वाद वाला यह फल खाने में जितना अच्छा लगता है, सेहत के लिहाज से भी उतना ही फायदेमंद हो सकता है। क्या सुबह खाली पेट अमरूद खाना वाकई फायदेमंद है?
क्या इससे वजन कंट्रोल करने और पाचन दुरुस्त रखने में मदद मिल सकती है? आइए डाइटीशियन से जानते हैं कि रोज सुबह एक अमरूद खाने से शरीर में क्या बदलाव हो सकते हैं और किन लोगों को इसे खाने में सावधानी बरतनी चाहिए।
सुबह खाली पेट अमरूद खाने के फायदे
पाचन को दुरुस्त रखने में मिल सकती है मदद
अमरूद में फाइबर अच्छी मात्रा में पाया जाता है। यह पेट की सेहत के लिए जरूरी पोषक तत्वों में से एक है। इंडियन एक्सप्रेस की टीम से बातचीत में डाइटीशियन अमरीन शेख ने बताया कि अमरूद में मौजूद फाइबर पाचन को बेहतर रखने में मदद करता है। इसे खाने से पेट लंबे समय तक भरा हुआ महसूस हो सकता है। इससे बार-बार भूख लगने और बिना जरूरत कुछ खाते रहने की आदत को कम करने में भी मदद मिल सकती है।
इम्युनिटी को मिलती है मजबूती
अमरूद विटामिन C का अच्छा स्रोत है। यह पोषक तत्व शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बेहतर बनाए रखने में मदद करता है। इसके अलावा विटामिन C त्वचा की सेहत और कोलेजन (Collagen)बनाने के लिए भी जरूरी है। कोलेजन एक तरह का प्रोटीन है, जो त्वचा को हेल्दी रखने के लिए जरूरी है।
वजन कंट्रोल करने में मिलती है मदद
अगर आप वजन कम करने की कोशिश कर रहे हैं तो अमरूद को अपनी डाइट में शामिल कर सकते हैं। इसमें कैलोरी कम और फाइबर अधिक होता है। इसे खाने से पेट देर तक भरा रहता है, जिससे बार-बार भूख लगने और जरूरत से ज्यादा खाने की संभावना कम हो सकती है।
हालांकि, सिर्फ अमरूद खाने से वजन कम नहीं होता। डाइटीशियन अमरीन शेख ने बताया कि वजन को नियंत्रित रखने के लिए संतुलित खानपान, नियमित शारीरिक गतिविधि और अच्छी खानपान की आदतें जरूरी हैं।
ब्लड शुगर के लिए भी हो सकता है बेहतर विकल्प
अमरूद का ग्लाइसेमिक इंडेक्स (Glycemic Index) थोड़ा कम होता है। इसका मतलब है कि इसे संतुलित नाश्ते के हिस्से के रूप में खाने पर ब्लड शुगर में तेजी से बढ़ोतरी होने की आशंका कम हो सकती है। डायबिटीज के मरीज भी इसे अपनी डाइट में शामिल कर सकते हैं। हालांकि, उन्हें अपने पूरे दिन के कार्बोहाइड्रेट सेवन और मील प्लान का ध्यान रखना चाहिए। इसे ब्लड शुगर कंट्रोल करने का अकेला उपाय नहीं समझना चाहिए।
क्या सुबह खाली पेट अमरूद खाना सही है?
डाइटीशियन अमरीन शेख के मुताबिक, ज्यादातर स्वस्थ लोग सुबह खाली पेट अमरूद खा सकते हैं। आमतौर पर इसे खाने में कोई परेशानी नहीं होती। हालांकि, जिन लोगों का पेट संवेदनशील है या जिन्हें इरिटेबल बाउल सिंड्रोम (IBS) जैसी पाचन संबंधी समस्या है, उन्हें सावधानी बरतनी चाहिए।
अमरूद में फाइबर अधिक होता है। ऐसे में जिन लोगों को फाइबर वाली चीजें खाने की आदत नहीं है, उन्हें इसे खाली पेट खाने से पेट फूलने या असहजता महसूस होने की समस्या हो सकती है। ऐसे लोग अमरूद को मुट्ठीभर मेवों के साथ खा सकते हैं या फिर नाश्ते के बाद इसका सेवन कर सकते हैं।
रोजाना कितना अमरूद खाना सही है?
डाइटीशियन के अनुसार, ज्यादातर लोगों के लिए एक मध्यम आकार का अमरूद खाना सही मात्रा है। इसे खाते समय बार-बार नमक, चीनी या तीखे मसाले डालने से बचना चाहिए। इससे फल के प्राकृतिक पोषण का फायदा लेने के बजाय अतिरिक्त नमक और चीनी शरीर में पहुंच सकती है।
जिन लोगों को पाचन संबंधी परेशानी है, उन्हें अपनी डाइट में फाइबर की मात्रा धीरे-धीरे बढ़ानी चाहिए। साथ ही पर्याप्त पानी पीना भी जरूरी है।
