होली के मौके पर लोग जमकर रंग खेलते हैं। होली के दौरान रंगों की मांग सबसे अधिक रहती है। ऐसे में मार्केट में मिलने वाले रंग कई बार मिलावटी होते हैं। ये मिलावटी रंग त्वचा की रंगत को नुकसान पहुंचा सकते हैं। मिलावटी रंगों के चलते खुजली, जलन, एलर्जी, रैशेज और फंगल इंफेक्शन तक जैसी त्वचा से जुड़ी समस्याएं हो सकती हैं। ऐसे में कुछ तरीके हैं जिनकी मदद से आप अपनी त्वचा का ध्यान रख सकते हैं। आइए जानते हैं:

तेल लगाएं
होली खेलने से पहले त्वचा पर तेल लगाने से रंग आसानी से उतर जाते हैं। यह त्वचा पर सुरक्षा कवच की तरह काम करता है। रंग खेलने से पहले चेहरे, हाथ-पैर, कानों के पीछे और गर्दन पर अच्छी तरह से नारियल या फिर सरसों का तेल लगा लें। इससे रंग त्वचा पर ज्यादा चिपकता नहीं है और उन्हें छुड़ाने में भी आसानी होती है।

सनस्क्रीन
होली के मौके पर अगर खुले में रंग खेलने जा रहे हैं तो सनस्क्रीन लगाना न भूलें। दरअसल, तेज धूप का असर हमारी त्वचा पर भी पड़ता है, जिससे टैनिंग की समस्या होने लगती है। इससे बचने के लिए होली खेलने से 20-30 मिनट पहले सनस्क्रीन लगा लें। चेहरे के साथ कान, गर्दन, हाथ और पैरों पर अच्छी तरह लगा लें। सनस्क्रीन को मॉइस्चराइजर या हल्के तेल के साथ लगाने से यह त्वचा पर अतिरिक्त सुरक्षा परत बना देता है। इससे रंग का असर कम पड़ता है और छुड़ाने में आसानी होती है।

मॉइस्चराइजर क्रीम
होली खेलने से पहले चेहरे, गर्दन, हाथ और कानों के पीछे मॉइस्चराइजर क्रीम लगा सकते हैं। रूखी त्वचा है तो मॉइस्चराइजर के ऊपर हल्का जैतून का तेल लगा सकते हैं। इससे त्वचा पर रंग का असर कम होता है।

पक्का रंग लग जाए तो क्या करें
पक्के रंग को छुड़ाना काफी मुश्किल का काम होता है। ऐसे में इसे हटाने के लिए लोग साबुन का इस्तेमाल करते हैं, जिससे त्वचा की ऊपरी परत को नुकसान पहुंचने का खतरा बढ़ जाता है। पक्के रंग को छुड़ाने के लिए माइल्ड क्लेंजर और गुनगुने पानी से धीरे-धीरे त्वचा साफ करने से रंग धीरे-धीरे हल्का पड़ सकता है।

सही कपड़े का चुनाव
होली खेलने के लिए पूरे शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनने चाहिए। इससे त्वचा पर कम रंग पहुंचते हैं, जिससे केमिकल वाले रंगों का असर कम होता है। इसके लिए आप फुल पैंट और फुल स्लीव्स वाले कपड़े पहन सकते हैं।

शेविंग से बचें
होली खेलने से कम से कम 48 घंटे पहले किसी भी प्रकार का स्किन ट्रीमेंट नहीं करवाना चाहिए। इस दौरान शेविंग, फेशियल और वैक्सिंग से बचना चाहिए।

इनका भी रखें ध्यान
बालों की सुरक्षा:
त्वचा के साथ ही बालों पर भी जब रंग पड़ता है तो ये रूखे हो जाते हैं। वहीं, पक्के रंगों को बालों और स्कैल्प से छुड़ाना काफी मुश्किल होता है. ऐसे में होली खेलने से पहले बालों को तेल से अच्छी तरह मसाज कर लें। इससे रंग बालों पर चिपकते नहीं हैं और ये आसानी से छुड़ाए जा सकते हैं।

कैसा होना चाहिए रंग: हमेशा हर्बल और ऑर्गेनिक रंगों का इस्तेमाल करना चाहिए। इनसे त्वचा पर एलर्जी का खतरा कम रहता है। साथ ही बच्चों के लिए भी ऐसे रंग सुरक्षित होते हैं।

Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए एक्सपर्ट से जरूर परामर्श करें।

Also Read
घर पर बने रंगों से खेलें होली, चुकंदर और संतरे से तैयार करें नेचुरल गुलाल