बेडरूम घर का वह हिस्सा होता है, जहां दिनभर की थकान के बाद आराम और सुकून के पल बिताए जाते हैं। बेडरूम जितना साफ-सुथरा, खुला और चमकदार रहता है नींद उतनी ही बेहतर आती है और मूड भी अच्छा रहता है। लेकिन कई बार कमरे में सीधी धूप कम पहुंचती है, ऐसे में कमरा कम चमकदार नजर आता है। कई बार कम धूप वाले कमरे में भी लोग ऐसे पेंट का चुनाव करते हैं जो कम रोशनी वाले होते हैं।

अगर आपके भी कमरे में कम धूप आती है तो सही पेंट का रंग का चुनाव करके आप बेडरूम को अधिक चमकदार बना सकते हैं। हल्के रंग और सही फिनिश दीवारों पर उपलब्ध रोशनी के बेहतर तरीके से फैलाने में मदद कर सकते हैं। आइए जानते हैं कम धूप वाले कमरे में किस तरह का पेंट चुनना चाहिए।

1- ऑफ-व्हाइट रंग

अगर बेडरूम में कम रोशनी आती है, तो ऑफ-व्हाइट रंग चुन सकते हैं। यह सफेद रंग का हल्का, थोड़ा गर्म शेड होता है, जो कमरे को साफ-सुथरा और खुला हुआ दिखाने में मदद कर सकता है। यह कमरे में मौजूद प्राकृतिक और कृत्रिम रोशनी को अच्छी तरह परावर्तित कर सकता है। दीवारों के साथ सफेद छत, हल्के पर्दे और हल्के रंग का फर्नीचर रखने से कमरा अधिक खुला दिखाई देता है।

2- हल्का क्रीम कलर

बेडरूम में पर्याप्त रोशनी, आरामदायक और गर्माहट भरा माहौल देना चाहते हैं, तो हल्का क्रीम रंग चुन सकते हैं। इसे सफेद बेडशीट, हल्के लकड़ी के फर्नीचर और बेज रंग के पर्दों के साथ इस्तेमाल किया जा सकता है। इससे कमरा खुला-खुला नजर आता है।

3- हल्का पेस्टल येलो

अगर बेडरूम में बहुत कम रोशनी आती है और कमरा फीका दिखाई देता है, तो हल्का पेस्टल येलो अच्छा विकल्प साबित हो सकता है। यह रंग कमरे में गर्माहट और ताजगी का ऐहसास देता है। यह दीवारों को अधिक चमकदार दिखाने में मदद कर सकता है। इस रंग को आप बेड के पीछे वाली दीवार पर लगा सकते हैं, बाकी दीवारों को ऑफ-व्हाइट रख सकते हैं।

4- हल्का बेज कलर

कम रोशनी वाले कमरों के लिए हल्का बेज कलर काफी बेहतर माना जाता है। यह कमरे को सादगी भरा और व्यवस्थित लुक देने में मदद कर सकता है। इस रंग के साथ सफेद छत, क्रीम पर्दे और हल्के रंग की बेडशीट रोशनी को और अच्छे से खिलने में मदद करती है।

5- हल्का ग्रे रंग

अपार्टमेंट और आधुनिक घरों में हल्के ग्रे रंग का खूब इस्तेमाल किया जाता है। वार्म ग्रे कमरे में रोशनी को कम सोखता है, जिससे बेडरूम खुला और व्यवस्थित नजर आ सकता है। इसके साथ सफेद छत और हल्के रंग के पर्दों का इस्तेमाल किया जा सकता है। इस तरह आप कम रोशनी वाले बेडरूम के लिए इन रंगो में से किसी एक का चुनाव करके कमरे को अधिक रोशन और व्यवस्थित दिखा सकते हैं।

यह भी पढ़ें
प्रीमियम लुक के लिए कमरे में करवा सकते हैं ये 7 पेंट, बेडरूम के लिए हैं परफेक्ट