मानसून दस्तक देने को तैयार है। लोगों को रिमझिम बारिश होने का इंतजार हो रहा है। बारिश के दिनों में घर में हवा में नमी बढ़ जाती है। इससे दीवारों से लेकर पर्दे-कारपेट में से भी सीलन की महक आने लगती है। बारिश के दिनों में इन्हें बार-बार धोना थोड़ा मुश्किल होता है। अगर बदबू की वजह सिर्फ नमी और धूल है, तो कुछ आसान तरीकों से इन्हें बिना धोए भी काफी हद तक फ्रेश रखा जा सकता है।
पहले अच्छी तरह झाड़ें या वैक्यूम करें
धूल और मिट्टी के कण धीरे-धीरे जमा होते रहते हैं। इससे पर्दे या कारपेट में बदबू आ सकती है। बिना ज्यादा मेहनत या वॉश किए इन्हें साफ करने के लिए सबसे पहले वैक्यूम क्लीनर से दोनों तरफ की धूल हटाएं। अगर आपको पास वैक्यूम नहीं है, तो पर्दों को बाहर ले जाकर हल्के से झाड़ सकते हैं।
बेकिंग सोडा का इस्तेमाल करें
कारपेट को साफ करने के लिए कारपेट पर हल्की मात्रा में बेकिंग सोडा छिड़कें। इसे करीब 20–30 मिनट तक ऐसे ही छोड़ दें। फिर वैक्यूम कर लें। इससे आपको हल्की बदबू सोखने में मदद मिल सकती है।
पर्दों पर माइक्रोफाइबर कपड़ा फेरें
हल्का सूखा या थोड़ा नम माइक्रोफाइबर कपड़ा लें। ऊपर से नीचे की ओर धीरे-धीरे पर्दों को पोंछें। इससे धूल हटाने में आपको मदद मिल सकती है।
स्टीम क्लीनर
हल्की भाप से पर्दों और कुछ प्रकार के कारपेट को फ्रेश किया जा सकता है। इससे सिलवटें भी कम हो सकती हैं।
फैब्रिक फ्रेशनर का सही इस्तेमाल
सीधे बहुत ज्यादा स्प्रे न करें। हल्का स्प्रे करें और बाद में हवा लगने दें। अगर कपड़ा नाजुक है, तो पहले एक छोटे हिस्से पर टेस्ट करें।
पर्दे और कारपेट की पीछे वाली सतह भी देखें
बदबू कई बार सामने नहीं, पीछे या नीचे की तरफ ज्यादा होती है। कारपेट के नीचे की फर्श भी जांचें कि कहीं नमी तो नहीं है।
