बारिश के मौसम में कई बार लोगों की यह शिकायत सुनने को मिलती है कि छत पर रखी पानी की टंकी से अजीब-सी बदबू आने लगी है। कुछ लोगों को पानी से मछली जैसी गंध महसूस होती है, जबकि कई बार पानी का स्वाद भी बदल जाता है। टंकी की सफाई अगर सही तरीके से न की जाए या बाद में रखरखाव पर ध्यान न दिया जाए, तो बदबू दोबारा आने लगती है। मानसून के दौरान नमी बढ़ने और बारिश के कारण पानी के स्रोतों में गंदगी, धूल, पत्तियां और सूक्ष्मजीव पहुंचने का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में सिर्फ टंकी साफ कर देना ही काफी नहीं है। सफाई से पहले, सफाई के दौरान और उसके बाद भी कुछ बातों का ध्यान रखना जरूरी होता है।
टंकी की सफाई से पहले करें ये काम
टंकी को लगभग खाली कर दें
टंकी में थोड़ा-सा पानी छोड़कर बाकी पानी निकाल दें। बचा हुआ पानी तल में जमी गंदगी साफ करने में मदद करता है।
टंकी में अकेले प्रवेश न करें
अगर टंकी के अंदर उतरकर सफाई करनी हो, तो फिसलन से बचने का ध्यान रखें। किसी दूसरे व्यक्ति को पास जरूर रखें। बंद टंकी में अकेले प्रवेश करने से बचें।
ये सामान पहले से तैयार रखें
बारिश में टंकी साफ करने के लिए कुछ चीजों को पहले ही इक्ठ्ठा कर लें। इसके लिए लंबा ब्रश, बाल्टी या मग, साफ कपड़ा, रबर के दस्ताने की जरूरत पड़ेगी।
सफाई के दौरान बरतें ये सावधानी
दीवारों और तले को अच्छी तरह रगड़ें
टंकी की दीवारों और नीचे जमी काई, मिट्टी या गाद को ब्रश से साफ करें।
डिटर्जेंट का इस्तेमाल न करें
कपड़े धोने वाले साबुन या डिटर्जेंट का इस्तेमाल करने से उनके अवशेष पानी में रह सकते हैं। आप चाहें तो केवल पीने के पानी की टंकियों के लिए उपयुक्त उत्पाद वो भी उनकी निर्देशित मात्रा लेकर ही यूज करें।
अच्छी तरह धो लें
सफाई के बाद टंकी को साफ पानी से कई बार धोएं, ताकि कोई अवशेष न बचे।
सफाई के बाद करें ये काम
ढक्कन अच्छी तरह बंद करें
टंकी का ढक्कन पूरी तरह बंद रखें, ताकि बारिश का पानी, धूल, कीड़े-मकोड़े या पत्तियां अंदर न जा सकें।
पाइप और ओवरफ्लो लाइन जांचें
लीकेज, टूटी हुई फिटिंग या खुली ओवरफ्लो पाइप से गंदगी अंदर जा सकती है। जरूरत हो तो जाली लगवाएं।
पहला पानी निकाल दें
अगर सफाई के दौरान कीटाणुशोधन के लिए कोई चीज इस्तेमाल की है तो टंकी भरने के बाद शुरुआती पानी को निकाल देना बेहतर माना जाता है।
टंकी के आसपास सफाई रखें
टंकी के आसपास पानी जमा न होने दें। इससे मच्छरों और अन्य कीटों के पनपने का खतरा कम हो सकता है।
समय-समय पर चैक करें
हर 15–20 दिन में टंकी का ढक्कन खोलकर जरूर चैक करें। अंदर पानी कैसा है यह देखें। साथ ही गंदगी की जांच कर लें।
कितने समय में करानी चाहिए सफाई?
घर में लगी पानी की टंकी की सफाई आमतौर पर हर 6 महीने में एक बार कराने की सलाह दी जाती है। हालांकि मानसून के मौसम में यदि पानी में थोड़ी भी बदबू आने पर सफाई कर लेनी चाहिए। पानी में काई दिखाई दे, तो जरूरत के अनुसार पहले भी सफाई कराई जा सकती है।
