बारिश के मौसम में अगर कुछ छोटी-छोटी बातों पर ध्यान न दिया जाए तो इससे बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। हमारी कुछ आदतें या लापरवाही बाद में दिक्कत का कारण बन सकती है। गीले कपड़े कमरे में सुखाना, हल्के गीले जूते-चप्पल पहन लेना जैसी बेहद सामान्य सी लगने वाली चीजें भी संक्रमण का कारण बन सकती हैं। आइए जानते हैं ऐसी ही कुछ 5 गलतियों के बारे में जो बाद में परेशानी का कारण बन सकती हैं।

गीले जूते या चप्पल बिना सुखाए पहनना या रैक में रख देना

अगर आप भी गीले जूते या चप्पल को बिना पूरी तरह सुखाए पहन लेते हैं या फिर रैक में रख देते हैं तो ऐसा करने से अंदर नमी बनी रहती है। इससे बैक्टीरिया और फंगस पनप सकते हैं। साथ ही बदबू आने लगती है। लगातार गीले जूते पहनने से कुछ लोगों में फंगल इंफेक्शन का खतरा बढ़ सकता है। इसलिए आपको जूतों को अखबार भरकर या हवादार जगह पर पूरी तरह सुखाना चाहिए। इस बात का भी ध्यान रखें कि एक ही जोड़ी जूते लगातार न पहनें, अगर वे पूरी तरह सूखे न हों।

गीले तौलिए और कपड़े कमरे में लंबे समय तक छोड़ देना

जल्दबाजी में कई बार लोग गीले तौलिए और कपड़े कमरे में लंबे समय तक छोड़ देते हैं। नमी बनी रहने से फफूंदी और बदबू की संभावना बढ़ती है। ऐसे में तौलियों में बैक्टीरिया तेजी से बढ़ सकते हैं यदि वे लंबे समय तक गीले रहें। इसलिए इस मौसम में तौलिए को फैलाकर सुखाएं। कमरे में वेंटिलेशन रखें या एग्जॉस्ट/पंखे का यूज करें।

घर के आसपास या गमलों की ट्रे में पानी जमा रहने देना

बारिश के मौसम में घर के आसपास गमलों या इसी तरह की खुली पड़ी किसी चीज में पानी जमा हो जाता है। इसके बाद धीरे-धीरे जमा पानी में मच्छरों की संख्या प्रजनन के चलते बढ़ती रहती है। खासकर Aedes मच्छर साफ पानी में भी अंडे दे सकते हैं। इसलिए सप्ताह में कम से कम एक बार कंटेनर, कूलर और गमलों की ट्रे खाली करें।

सीलन और छोटे-छोटे फफूंदी के धब्बों को नजरअंदाज करना

अगर आप भी सीलन और छोटे-छोटे फफूंदी के धब्बों को नजरअंदाज कर देती हैं तो इस बात का ध्यान रखें। लगातार नमी से दीवारों, लकड़ी और कपड़ों पर फफूंदी बढ़ सकती है। कुछ लोगों, खासकर एलर्जी या अस्थमा वाले लोगों में, इससे परेशानी बढ़ सकती है। इसलिए सीलन दिखते ही सफाई करें। साथ ही कमरे में हवा का आवागमन बनाए रखें।

रेनकोट या छाता गीला ही बंद करके रख देना

बारिश में छाते-रेनकोट का इस्तेमाल किया जाता है। ऐसे में अगर यह जरा सा भी गीला है और आपने इसे बंद करके रख दिया तो अंदर नमी फंस जाती है। बदबू और फफूंदी लग सकती है।