बनारस के प्रसिद्ध व्यंजनों में से एक पूड़ी-कचौड़ी भी है। कचौड़ी के साथ मिलने वाली चने की सब्जी का स्वाद लाजवाब होता है। यहां पर चने की सब्जी की आसान रेसिपी साझा की गई है, जिसकी मदद से आप इसमें बनारसी जायका जोड़ सकते हैं।

अध्यात्मिक नगरी काशी की तंग गलियों में आपको कई ऐसे पकवान मिलेंगे जिनका स्वाद आपने शायद ही पहले कभी चखा हो। यह शहर जितना अपनी आध्यात्मिक परंपराओं के लिए जाना जाता है, उतना ही अपने खान-पान के लिए भी प्रसिद्ध है। गरमागरम कचौड़ी-सब्जी, जलेबी, दही से लेकर चाट तक जैसे व्यंजन काफी प्रसिद्ध हैं। गलियों और बाजारों में मिलने वाली कचौड़ी-सब्जी में मसालों का ऐसा अनोखा मेल होता है, जो इसे दूसरे शहरों की कचौड़ी से अलग बनाता है। कचौड़ी के साथ मिलने वाली चने की सब्जी का स्वाद लाजवाब होता है। हालांकि, आप घर पर भी बनारसी स्टाइल में चने की स्वादिष्ट सब्जी बना सकते हैं। आइए जानते हैं इसकी रेसिपी:

बनारसी चने की सब्जी बनाने के लिए सामग्री

चने के लिए
1 कप देसी चना
जरूरत के अनुसार पानी
स्वादानुसार नमक
आधा चम्मच हल्दी

मसाले

2 चम्मच सरसों का तेल
1 चम्मच जीरा
1 चुटकी हींग
1 छोटा चम्मच, बारीक कटा अदरक
2 बारीक कटी हुई हरी मिर्च
डेढ़ चम्मच धनिया पाउडर
आधा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
एक चौथाई चम्मच हल्दी
1 चम्मच अमचूर पाउडर
आधा चम्मच गरम मसाला
एक चौथाई चम्मच काली मिर्च पाउडर
आधा चम्मच कसूरी मेथी (वैकल्पिक)
बारीक कटा हरा धनिया
ग्रेवी के अनुसार पानी

बनारसी चना सब्जी बनाने की आसान रेसिपी

सबसे पहले चने को अच्छी तरह धोकर 8-10 घंटे या रातभर के लिए पानी में भिगो दें। सुबह पानी निकालकर चनों को अच्छी तरह धो लें। अब प्रेशर कुकर में चने, थोड़ा नमक, हल्दी और करीब 2-3 कप पानी डालकर मध्यम आंच पर पकाएं। देसी चने को अच्छी तरह गलने में थोड़ा ज्यादा समय लग सकता है। पकने के बाद कुछ चनों को हल्का दबा दें, इससे सब्जी की ग्रेवी थोड़ी गाढ़ी हो जाती है।

अब एक कड़ाही में सरसों का तेल गर्म करें। तेल अच्छी तरह गर्म होने के बाद आंच थोड़ी कम कर दें। इसमें जीरा डालें। जीरा चटकने लगे तो चुटकी भर हींग डाल दें। बनारसी स्वाद के लिए हींग की खुशबू जरूरी है। अब अदरक और हरी मिर्च डालकर कुछ सेकंड भूनें। अब हल्दी, धनिया पाउडर और लाल मिर्च पाउडर डालें। मसाले को जलने से बचाने के लिए 1-2 चम्मच पानी डालकर भूनें। जब मसालों से खुशबू आने लगे, तब उबले हुए चने डालकर अच्छी तरह मिलाएं। चनों को मसाले में 2-3 मिनट भूनने के बाद इसमें चने का बचा हुआ पानी डालें।

अब सब्जी को 8-10 मिनट धीमी आंच पर पकने दें। इसी दौरान कुछ चनों को कलछी से हल्का दबाते रहें। इससे चनों का स्वाद ग्रेवी में अच्छी तरह घुल जाता है। अंत में अमचूर पाउडर, काली मिर्च पाउडर और गरम मसाला डालकर 2 मिनट पकाएं। अगर चाहें तो इस समय कसूरी मेथी भी डाल सकते हैं। इसके बाद गैस बंद कर दें। आपका बनारसी स्टाइल में चने की गरमागरम सब्जी तैयार है, अब ऊपर से बारीक कटा हरा धनिया डालकर पूड़ी-कचौड़ी के साथ परोस सकते हैं।

यह भी पढें
जब घर पर बना सकते हैं रेस्टोरेंट जैसा मलाई कोफ्ता, तो बाहर क्यों जाएं खाने