नवरात्र का त्योहार पूरे भारत में बड़े ही धूमधाम से मनाया जाता है। इन नौ दिनों में मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जाती है। इसके साथ ही कई उपासक नौ दिनों तक व्रत भी रखते हैं। इस दौरान शाम के समय जब भूख लगती है तो कुछ ऐसा खाने का मन करता है जो नमकीन होने के साथ ही कुरकुरा भी हो। अगर आप भी व्रत में फलाहार के साथ कुछ नमकीन और कुरकुरा खाना चाहते हैं, तो कच्चे केले का कबाब बना सकते हैं।
कच्चे केले का कबाब बाहर से कुरकुरा और अंदर से नरम होता है और इन्हें आप हरी चटनी या दही के साथ परोस सकते हैं। आइए जानते हैं कच्चे केले का कबाब कैसे बनाएं।
सामग्री
3 कच्चे केले
1 मध्यम आकार का उबला हुआ आलू (वैकल्पिक)
2 बड़े चम्मच कुट्टू का आटा या सिंघाड़े का आटा
1-2 बारीक कटी हरी मिर्च
1 छोटा चम्मच कद्दूकस किया हुआ अदरक
स्वादानुसार सेंधा नमक
आधा छोटा चम्मच काली मिर्च पाउडर
आधा छोटा चम्मच भुना हुआ जीरा पाउडर
2 बड़े चम्मच बारीक कटा हुआ हरा धनिया
1 छोटा चम्मच नींबू का रस (वैकल्पिक)
सेंकने के लिए घी या तेल
कच्चे केले के कबाब बनाने की आसान रेसिपी
सबसे पहले कच्चे केलों को अच्छी तरह धो कर कुकर या किसी बर्तन में पानी डालकर नरम होने तक उबाल लें। उबलने के बाद ठंडा होने दें और फिर इनके छिलके उतार लें। इसके बाद केलों को एक बर्तन में डालकर अच्छी तरह मैश कर लें। अब इसमें आलू मिलाएं। इसके बाद कुट्टू या सिंघाड़े का आटा, हरी मिर्च, अदरक, हरा धनिया, सेंधा नमक, भुना जीरा पाउडर और काली मिर्च डालें। चाहें तो थोड़ा नींबू का रस भी मिला सकते हैं। सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाकर मिश्रण तैयार कर लें।
इसके बाद थोड़ा घी या तेल लगाएं, ताकि मिश्रण चिपके नहीं। तैयार मिश्रण से छोटी-छोटी लोइयां बनाएं और उन्हें हथेलियों से दबाकर गोल या अंडाकार कबाब का आकार दें। इसे नॉनस्टिक तवे पर थोड़ा घी या तेल लगाकर मध्यम आंच पर दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक सेंक लें।
आपका गरमागरम केले के कबाब तैयार हैं। अब आप इन्हें धनिया की फलाहारी चटनी या दही के साथ परोस सकते हैं। ऊपर से भुना जीरा पाउडर डालकर इसका स्वाद और भी बढ़ा सकते हैं।
यह भी पढ़ें
बनारसी स्टाइल में घर पर बनाएं चने की सब्जी, जानें क्या-क्या मिलाते हैं
