नेचुरल ग्लो और सॉफ्ट स्किन के लिए जरूरी नहीं है कि आप तरह-तरह के स्किन केयर प्रोडक्ट्स यूज करें या बार-बार पार्लर के चक्कर लगाएं। आप बिना ज्यादा खर्च किए घर पर रहकर भी अपनी त्वचा की देखभाल कर सकते हैं। इसके लिए बस आपको जरूरत होगी केले की, जो अक्सर घरों में मिल जाता है। केले में मौजूद विटामिन, एंटीऑक्सीडेंट और मॉइस्चराइजिंग गुण त्वचा को पोषण देने में मदद कर सकते हैं। शहद, दही और हल्दी जैसी चीजों के साथ मिलाकर केले का फेस मास्क तैयार किया जा सकता है। इससे स्किन को सॉफ्ट और ग्लोइंग बनाने में हेल्पी मिलेगी।

केले का फेस पैक लगाने के संभावित फायदे

केले में विटामिन A, विटामिन C और कुछ एंटीऑक्सीडेंट पाए जाते हैं, जो स्किन के लिए फायदेमंद है। पका हुआ केला स्किन को मॉइस्चराइजिंग इफेक्ट दे सकता है। केले को ड्राई और बेजान दिखने वाली त्वचा की देखभाल के लिए यूज कर सकते हैं। केला स्किन को तुरंत गोरा नहीं बनाता, लेकिन त्वचा को नरम और हाइड्रेटेड महसूस कराने में मदद कर सकता है।

केले के फेस पैक बनाने के 3 तरीके

केला और शहद फेस पैक

अगर आपकी स्किन ड्राई है तो आप केले में शहद मिलाकर फेस पैक बना सकते हैं। इससे रूखी और खिंची-खिंची महसूस होने वाली त्वचा को आराम मिल सकता है। इसे बनाने के लिए आपको आधा पका हुआ केला और 1 चम्मच शहद चाहिए। सबसे पहले केले को अच्छी तरह मैश करें। इसके बाद इसमें शहद मिलाकर स्मूद पेस्ट बना लें। इसे आप चेहरे और गर्दन पर लगाएं। करीब 15-20 मिनट बाद सादे पानी से धो लें।

केला और दही फेस पैक

इस फेस पैक को हर तरह की स्किन वाले लोग अप्लाई कर सकते हैं। इसे लगाने से स्किन को ताजगी महसूस हो सकती है। साथ ही चेहरा अधिक स्मूद दिखाई दे सकता है। इसे बनाने के लिए आधा केला और 1 से 2 चम्मच ताजा दही चाहिए। सबसे पहले केले को मैश करें। फिर दही मिलाकर पेस्ट तैयार करें और अप्लाई करें। करीब 15 मिनट बाद फेसवॉश कर लें।

केला, शहद और हल्दी फेस पैक

बेजान या थकी हुई दिखने वाली स्किन के लिए यह फेस पैक उपयोगी हो सकता है। इसे बनाने के लिए आपको आधा केला, 1 चम्मच शहद, एक चुटकी हल्दी चाहिए। सभी चीजों को मिलाकर पेस्ट बनाएं। फिर चेहरे पर पतली लेयर बनाएं। करीब 10-15 मिनट बाद धो लें।

डिस्क्लेमर: यहां दी गई जानकारी किसी चिकित्सीय परामर्श का विकल्प नहीं है। केले का फेस मास्क या अन्य घरेलू नुस्खों का असर हर व्यक्ति की त्वचा के प्रकार और संवेदनशीलता के अनुसार अलग-अलग हो सकता है। किसी भी फेस पैक को चेहरे पर लगाने से पहले पैच टेस्ट जरूर करें।