शहर में अक्सर लोग अपनी बालकनी या छत पर छोटा सा गार्डन लगाते हैं, जिसमें तरह-तरह के हरे-भरे पौधे और फूल लगे होते हैं। अपार्टमेंट में लोग अपनी बालकनी में पौधे लगाते हैं। लेकिन कई बार पौधे को सही मात्रा में पानी और देखभाल करने के बाद भी ये सूखने लगते हैं। ऐसे में समझ नहीं आता कि कहां चूक हो रही, जिसकी वजह से पौधे सूख रहे हैं। दरअसल, इसके पीछे धूप सबसे बड़ी वजह हो सकती है। अपार्टमेंट में कई ऐसी बालकनियां होती हैं जहां धूप कम आती है। ऐसे में अगर वहां पर धूप वाले पौधे लगाते हैं, तो जल्द ही सूख जाएंगे। हालांकि, कम धूप वाली बालकनी को भी हरा-भरा रखा जा सकता है। कई ऐसे पौधे हैं, जिन्हें कम धूप की जरूरत होती है। आइए जानते हैं:
1- पीस लिली
अगर आपकी बालकनी में कम धूप आती है तो पीस लिली का पौधा लगा सकते हैं। इसके गहरे हरे पत्ते और सफेद फूल घर के कोने को सुंदर बनाने में मदद करते हैं। यह पौधा तेज और सीधी धूप की तुलना में हल्की और अप्रत्यक्ष रोशनी में बेहतर तरीके से विकास करता है। इसमें पानी तब देना चाहिए, जब मिट्टी में हल्की नमी रह जाए।
2- जेड प्लांट
जेड प्लांट भी उन पौधों में से एक है, जो कम धूप में अच्छी तरह बढ़ सकते हैं। इसे कम धूप वाली बालकनी में रखा जा सकता है। हालांकि, इसे हल्की और अप्रत्यक्ष रोशनी की जरूरत होती है। जहां कुछ घंटे की रोशनी आती हो, वहां इसे रखा जा सकता है। इसकी मोटी पत्तियां और छोटा पेड़ जैसा आकार बालकनी को खूबसूरत बनाने में मदद करता है। इस पौधे में भी मिट्टी सूखने के बाद पानी दिया जाता है।
3- स्नेक प्लांट
स्नेक प्लांट कम रोशनी में भी अच्छी तरह रह सकता है। इसकी पत्तियां लंबी, सीधी और आकर्षक होती हैं, जिससे यह घर को आकर्षक बनाने में मदद करता है। इसे तेज धूप की जरूरत नहीं होती, सिर्फ हल्की रोशनी में भी इसकी वृद्धि बेहतर तरीके से होती है। इसमें भी मिट्टी सूखने के बाद पानी दिया जाता है।
4- मनी प्लांट
मनी प्लांट को सीधी तेज धूप की बजाय हल्की या अप्रत्यक्ष रोशनी ज्यादा पसंद है। बहुत तेज धूप में इसकी पत्तियां झुलस सकती हैं। इसकी बेल वाली पत्तियों को दीवार, रेलिंग या किसी स्टैंड पर फैलाकर कोने को खूबसूरत बनाया जा सकता है। मनी प्लांट में पानी तब देना चाहिए, जब मिट्टी की ऊपरी परत सूखने लगे।
5- स्पाइडर प्लांट
घर में लगाए जाने वाले सजावटी पौधों में से एक स्पाइडर प्लांट भी है। इसकी पतली और लंबी पत्तियां कोने को आकर्षक बनाने में मदद करती हैं। इस पौधे को तेज सीधी धूप नहीं पसंद होती है। कम और अप्रत्यक्ष रोशनी वाली जगह पर इसे रखा जा सकता है। इसमें भी मिट्टी की ऊपरी परत सूखने के बाद पानी दिया जाता है।
6- एग्लोनेमा
एग्लोनेमा को आकर्षक इसकी पत्तियां बनाती हैं। इसकी कई किस्मों की पत्तियों पर हरे रंग के साथ अलग-अलग पैटर्न और रंग दिखाई देते हैं। यह पौधा भी कम रोशनी में रह सकता है। इस पौधे में पानी तब देना चाहिए जब मिट्टी की ऊपरी परत सूख जाए।
7- फर्न
फर्न भी कम धूप में अच्छी तरह बढ़ता है। इसकी घनी और मुलायम पत्तियां बालकनी को एकदम हरा-भरा लुक देती है। फर्न की कई किस्में प्राकृतिक रूप से ऐसी जगहों पर उगती हैं जहां सीधी धूप कम होती है। इसलिए इसे छायादार या अप्रत्यक्ष वाली बालकनी में रखा जा सकता है। मिट्टी में हल्की नमी बनाए रखना जरूरी है।
यह भी पढ़ें
गार्डन को रखें हरा-भरा, टहनियों से आसानी से उगाएं ये 3 पौधे
